Eknath Shinde Jaychand Remark: बीएमसी चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत द्वारा ठाकरे ब्रदर्स की हार के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को जिम्मेदार ठहराए जाने पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, इस बार बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी और उसके सहयोगी शिंदे गुट की शिवसेना ने मिलकर 118 सीटें जीतीं, जो बहुमत के आंकड़े से चार अधिक हैं।
चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा था कि यदि एकनाथ शिंदे शिवसेना से अलग न होते, तो मुंबई में बीजेपी कभी मेयर नहीं बना पाती। उन्होंने शिंदे की तुलना ऐतिहासिक संदर्भ में ‘जयचंद’ से करते हुए कहा था कि मराठी जनता उन्हें इसी रूप में याद रखेगी। इस टिप्पणी में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री शिंदे को भी टैग किया था।
राउत के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि संजय राउत नारद मुनि और मंथरा का मिला-जुला रूप हैं। दुबे की यह टिप्पणी राउत के ‘जयचंद’ वाले बयान के जवाब में आई है।
यह भी पढ़ें - जयचंद की बदौलत जीती बीजेपी! हार के बाद संजय राउत ने तख्तापलट की दी धमकी, बोले- सदन में हमारे 105 लोग
संजय राउत और एकनाथ शिंदे के बीच तनाव 2022 से चला आ रहा है, जब शिंदे ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से अलग होकर बीजेपी के साथ सरकार बनाई थी। उद्धव गुट ने इस कदम को गद्दारी करार दिया था और तभी से शिंदे को लेकर ‘जयचंद’ शब्द का इस्तेमाल किया जाता रहा है।