जेपी नड्डा की जगह अब 45 साल का यह युवा नेता संभालेगा कमान (फोटो- सोशल मीडिया) 
देश

BJP ने फिर चौंकाया: आखिरकार पार्टी को मिल गया नया अध्यक्ष, JP नड्डा की जगह लेंगे नितिन नबीन

BJP ने एक बार फिर अपने फैसले से पूरे देश की राजनीति को चौंका दिया है। महीनों से चल रही तमाम अटकलों और कयासों पर विराम लगाते हुए पार्टी ने JP Nadda की जगह Nitin Nabin को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया।

सौरभ शर्मा

BJP New Working President Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को एक बार फिर अपने फैसले से पूरे देश की राजनीति को चौंका दिया है। महीनों से चल रही तमाम अटकलों और कयासों पर विराम लगाते हुए पार्टी ने जेपी नड्डा की जगह नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। जहां राजनीतिक गलियारों में कई बड़े और वरिष्ठ दिग्गजों के नामों की चर्चा जोर-शोर से चल रही थी, वहीं बीजेपी ने 45 वर्षीय इस युवा चेहरे पर बड़ा दांव खेलकर सबको हैरान कर दिया है। यह फैसला पार्टी में एक बड़े बदलाव का संकेत है।

नितिन नबीन बिहार की राजनीति में एक जाना-माना नाम हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। कायस्थ समुदाय से आने वाले नितिन नबीन, दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं। उनकी जमीनी पकड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे पटना की बांकीपुर सीट से लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी लोकप्रियता साबित करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को करीब 84,000 वोटों के भारी अंतर से हराया था।

अमित शाह से भी कम उम्र में मिली कमान

महज 45 साल की उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने के साथ ही नितिन नबीन ने पार्टी के भीतर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। वे इस महत्वपूर्ण पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के नेता बन गए हैं। गौरतलब है कि जब अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, तब उनकी उम्र 50 साल थी। नितिन नबीन के पास सरकार और संगठन दोनों में काम करने का बेहतरीन अनुभव है। इससे पहले बीजेपी ने उन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया था, जहां उनकी रणनीतियों के तहत पार्टी ने जबरदस्त जीत हासिल की थी। उनके इसी संगठनात्मक कौशल को देखते हुए पार्टी ने उन पर इतना बड़ा भरोसा जताया है।

नड्डा के कार्यकाल के बाद नई शुरुआत

जेपी नड्डा को पिछले साल लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था, जिसके बाद से ही पार्टी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश कर रही थी। नड्डा 2020 में अध्यक्ष बने थे और उनका कार्यकाल जून 2024 में ही समाप्त हो चुका था, तब से वे एक्सटेंशन पर चल रहे थे। अब नए पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होने तक नितिन नबीन ही कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कमान संभालेंगे। यूपी के साथ-साथ अब बिहार के नेता को भी केंद्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर बीजेपी ने भविष्य की राजनीति के लिए एक बड़ा संदेश दिया है।

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को दी चुनौती, फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची, नाम और सिंबल पर विवाद तेज

भस्मासुर है कांग्रेस…राहुल को पढ़ना चाहिए अपनी पार्टी का इतिहास, सहयोगियों को खत्म करना आदत: किरेन रिजिजू

तमिलनाडु में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा सोने का छल्ला, CM विजय ने किया ऐलान, वितरण के लिए बनेंगे 107 हब

DUSU Election 2026 LIVE: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान समाप्त

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बन सकते हैं राहुल गांधी...शहजाद पूनावाला का तंज, बोले- 2029 में फिर PM बनेंगे मोदी