Arvind Kejriwal Slams PM Modi: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो में जारी कर चीन का उदाहरण देकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है।
वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ चीन 'आर्टिफिशियल सन' बना रहा है और दूसरी तरफ हमारे देश के प्रधानमंत्री उन छोटे-छोटे बच्चों पर FIR कराने में व्यस्त हैं जिन्होंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री का मजाक उड़ा दिया।
आप संयोजक केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का मजाक उड़ाने वाले बच्चों पर FIR दर्ज कराई जा रही है। अपने एक्स हैंडल पर वीडियो जारी करते हुए उन्होंने बताया कि एक तरफ हमारा पड़ोसी देश चीन आर्टिफिशियल सन जैसी तकनीक को विकसित कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ भारत सरकार विकास के बजाय अभी तक इन्ही मुद्दों में उलझी हुई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए केजरीवाल ने कहा कि चीन न्यूक्लियर फ्यूजन तकनीक से आर्टिफिशियल सन विकसित कर रहा है। उससे स्वच्छ और असीमित ऊर्जा पैदा होगी। केजरावाल ने दावा किया कि चीन का यह प्रोजेक्ट साल 2030 तक पूरा हो सकता है। इसके विपरीत भारत में बुनियादी ढांचे- सड़कें, पुल जैसी की समस्याएं अभी भी जस की तस बनी हुई है।
इसके पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बारिश के दौरान जलभराव के वीडियो साझा करते हुए कहा था कि भाजपा सरकार को दिल्ली की सत्ता संभाले दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन राजधानी की हालत लगातार खराब होती जा रही है।
ये भी पढे़ं- आप किसी को कैसे मजबूर कर सकते हैं…वंदे मातरम बिल पर भड़के ओवैसी, BJP पर लगाया हिंदू राष्ट्र बनाने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में कभी ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली थी। केजरीवाल ने कहा कि अब बसों, मेट्रो और मेट्रो स्टेशनों तक में पानी भर रहा है, जो राजधानी की बदहाल व्यवस्था को दर्शाता है।