Amit Shah Slams Rahul Gandhi: नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। विपक्ष लगातार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में आकर जवाब देने की मांग कर रही है। इसी बीच अमित शाह आज इस मामले पर विपक्ष को सदन में चर्चा करने की चुनौती दी है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मोदी सरकार संसद में हर तरह की चर्चा के लिए तैयार है। लेकिन विपक्ष का उद्देश्य चर्चा करना नहीं, हंगामा करना है। विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष के पास चर्चा का पत्र दे, आज दोपहर 3 बजे से कल दोपहर 3 बजे तक हम चर्चा करने के लिए तैयार हैं। मैं कल विपक्ष के एक-एक सवाल का जवाब दूंगा। फिर जनता तय करेगी कि कौन चर्चा करना चाह रहा है और कौन भाग रहा है।
अमित शाह उन आरोपों का निराधार बताया जिनमें विपक्ष ने सरकार पर मामले को लेकर चुप्पी साधने और तथ्य छिपने का आरोप लगाया था। उन्होंने इसपर कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है, हम नीट पेपर लीक को लेकर हुए छात्र आंदोलन से जुड़ हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। अमित शाह ने कहा कि वो विपक्ष के सारे सवालों के साथ इस बात का भी जवाब देंगे कि आखिर क्यों विपक्ष ने मानसून सत्र में सदन नहीं चलने दिया।
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष से कहा कि अब उन्हें फैसला करना है कि वह चर्चा करना चाहते हैं या फिर चर्चा से बचना चाहते हैं। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार हमेशा हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से संसद की कार्यवाही को चलने देने की अपील की।
अमित शाह के इस बयान पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए निशाना साधा। राहुल गांधी ने संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बयान या लेक्चर सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उनकी प्राथमिकता देश की युवा पीढ़ी से जुड़े उन सवालों का जवाब पाना है, जिनका संबंध छात्रों पर हुई कथित हिंसा से है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है और विपक्ष की अन्य पार्टियों ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष जानना चाहता है कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया, किसके आदेश से छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ और एक छात्र की आंख की रोशनी जाने की घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।
राहुल गांधी ने गृह मंत्रालय की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश गृह मंत्रालय के स्तर से लागू किया गया था। राहुल गांधी ने सीधे अमित शाह से सवाल किया कि क्या उन्होंने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था।उन्होंने कहा कि यदि ऐसा आदेश गृह मंत्री ने दिया था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि तब वे इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार होंगे। वहीं, अगर उन्होंने ऐसा आदेश नहीं दिया था तो राहुल गांधी ने उनकी क्षमता पर सवाल उठाते हुए इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि अमित शाह पिछले 20 दिनों से सदन में नजर नहीं आए हैं। गृह मंत्री में सदन का सामना करने की हिम्मत नहीं है और वे संसद में आकर इन सवालों का जवाब नहीं दे सकते। राहुल गांधी ने छात्रों पर कथित तौर पर कील लगी लाठियों से हमला किए जाने का भी उल्लेख किया और पूछा कि इस तरह की कार्रवाई का आदेश किसने दिया था।