Amit Shah Slams Arvind Kejriwal: दिल्ली में अपने जन्मदिन के दिन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को केजरीवाल सरकार पर बड़ हमला बोला। अमित शाह ने अपने 62वें जन्मदिन पर नई दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान अमित शाह आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूके। अमित शाह ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां सिर्फ बहाने की राजनीति करती हैं।
उन्होंने कहा, "इससे पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा, जब पंजाब में भी आपकी सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे।"
अमित शाह ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाने के अलावा और कुछ नहीं किया। कूड़े के पहाड़ों को लेकर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार सिर्फ राजनीति करती रही जबकि भाजपा ने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा।" उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने मोदी सरकार की मदद से 2.17 करोड़ मीट्रिक टन कचरा साफ कर दिया है और 100 एकड़ जमीन को कचरे के पहाड़ से मुक्त कराया है। उन्होंने कहा, "केजरीवाल जी इसको प्रशासन कहते हैं और बहाने बनाने से कोई काम नहीं होता।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "AAP सरकार के दौर में पंजाब में नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ा है। जनता ने NDA की सरकार लाने का फैसला कर लिया है। केजरीवाल जी, बहाने काम नहीं आएंगे, नतीजे चाहिए। दिल्ली हारने के बाद आपने अपना ध्यान पंजाब की ओर लगा दिया है, जिससे वहां मुख्यमंत्री के काम में बाधा आ रही है। अगले चुनावों में 'आप' का सफाया हो जाएगा, और हम 2029 तक पंजाब से नशीले पदार्थों के कारोबार को खत्म कर देंगे।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "30 सालों तक कांग्रेस और केजरीवाल सरकार ने यमुना में सीवेज का पानी बहाया। हर दिन लगभग 2,000 टन कचरा यमुना नदी में जाता था। उनके कार्यकाल के दौरान हरियाणा से आने वाला औद्योगिक कचरा और उत्तर प्रदेश से आने वाला प्रदूषित पानी भी इस समस्या का कारण बना।"
यमुना नदी की सफाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, "अब, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकारें होने के कारण, हमने नदी को साफ करने के लिए एक समन्वित और समयबद्ध रोडमैप तैयार किया है। हमारा लक्ष्य 2029 तक लोगों के सामने एक साफ यमुना पेश करना है।"
अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए अमित शाह बोले, "केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और एम्स में भर्ती करना पड़ा।"
उन्होंने कहा कि यमुना के शुद्धिकरण के लिए पिछली सरकार ने कुछ काम नहीं किया जबकि भाजपा सरकार ने विश्वस्तरीय काम किया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 3 साल का एक एक्शन प्लान बनाया है। अमित शाह ने कहा, "हम दिल्ली के हर घर को गटर के पानी के सीवरेज का कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी करेंगे।"
पंजाब को लेकर भी अमित शाह ने आम आदमी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि वह मंगलवार को पंजाब गए थे और वहां आप सरकार के नेतृत्व में नशे का व्यापार जिस तरह पला-बढ़ा है, उसे देखा। पंजाब की जनता ने तय कर लिया है कि इस बार वहां एनडीए की सरकार बनने वाली है।
अमित शाह ने कहा, "केजरीवाल जी आप याद रखना कि बहाने की राजनीति लंबी नहीं चलती बल्कि परिणाम लाने पड़ते हैं। दिल्ली से हार गए, पंजाब में डेरा जमाकर वहां के मुख्यमंत्री को काम भी नहीं करने देते हो, वहां का काम बिगाड़ रहे हो।"
उन्होंने कहा, "आप मेरी बात ध्यान से सुन लो, अगले चुनाव में आप पार्टी का वहां सूपड़ा साफ होने वाला है और हम 2029 तक पंजाब में नशे के काले कारोबार को समाप्त कर देंगे।"