वायु प्रदूषण के कारण 2024 में भारतीय अर्थव्यवस्था को करीब 24 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जो GDP का लगभग 6% है।
PM2.5 प्रदूषण में 20% कमी लाकर 2030 तक 8 लाख करोड़ रुपये का नुकसान टाला जा सकता है।
प्रदूषण कम करने से हर साल 24 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ और 10 करोड़ से अधिक नौकरियों को सहारा मिलने का अनुमान है।
Air Pollution Economic Loss India: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर होने लगती है। इस दौरान धुंध, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI), स्कूलों में छुट्टियों और मास्क पहनने को लेकर चर्चा तेज हो जाती है। हालांकि, प्रदूषित हवा का असर सिर्फ लोगों की सेहत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा नुकसान पहुंचा रही है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदूषण के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बचते हैं, कर्मचारी छुट्टी लेते हैं और कई बार काम पर पहुंचने के बावजूद पूरी क्षमता से काम नहीं कर पाते। इसका सीधा असर आर्थिक गतिविधियों पर पड़ता है।
डालबर्ग एडवाइजर्स और क्लीन एयर फंड के सर्वे में वायु प्रदूषण से होने वाले आर्थिक नुकसान की गंभीर तस्वीर सामने आई है। आंकड़ों के अनुसार, प्रदूषण के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था को 2024 में करीब 24 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। यह देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग 6 प्रतिशत है।
विश्लेषण के मुताबिक, PM2.5 प्रदूषण के स्तर में करीब 20 प्रतिशत की कमी लाकर 2030 तक 8 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान को टाला जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, वायु प्रदूषण से होने वाले आर्थिक नुकसान की बड़ी वजह कर्मचारियों की उत्पादकता में गिरावट है। सांस लेने में परेशानी, खांसी, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याओं के बावजूद कई कर्मचारी काम पर पहुंचते हैं, लेकिन उनकी एकाग्रता और काम करने की क्षमता प्रभावित होती है। इस स्थिति को 'प्रेजेंटिज्म' यानी उपस्थित रहने के बावजूद पूरी क्षमता से काम न कर पाना कहा जाता है।
विश्लेषण में सामने आया है कि प्रदूषण से होने वाले कुल आर्थिक नुकसान में इस तरह उत्पादकता घटने की बड़ी हिस्सेदारी है।
प्रदूषण बढ़ने पर लोग खरीदारी, रेस्तरां में खाना खाने और घूमने-फिरने जैसी गतिविधियों से दूरी बनाने लगते हैं। इससे खुदरा कारोबारियों, रेस्तरां और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े व्यवसायों की कमाई प्रभावित होती है।
रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, उपभोक्ता खर्च और पर्यटन गतिविधियों में गिरावट के कारण भारत को 2024 में करीब 6.97 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
वायु प्रदूषण से बनने वाली सतही ओजोन फसलों को नुकसान पहुंचाती है। 'एग्रीकल्चरल सिस्टम्स' पत्रिका में 2024 में प्रकाशित एक अध्ययन में 2005 से 2020 के बीच चावल उत्पादन पर सतही ओजोन के प्रभाव का विश्लेषण किया गया।
अध्ययन के अनुसार, चावल उत्पादन में होने वाला नुकसान 2005 में 7.39 अरब टन से बढ़कर 2020 में 11.46 अरब टन हो गया। साल 2020 में चावल की पैदावार घटने से करीब 27,000 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि PM2.5 को सुरक्षित स्तर तक लाने से लंबे समय में हर साल करीब 24 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ मिल सकता है। इसके साथ ही 10 करोड़ से अधिक नौकरियां पैदा हो सकती हैं या मौजूदा रोजगार को सहारा मिल सकता है। इससे कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी मदद मिलेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदूषण कम होने का सबसे बड़ा फायदा श्रमिकों की उत्पादकता बढ़ने और उपभोक्ता गतिविधियों के दोबारा तेज होने के रूप में दिखाई देगा।