ब्रेकिंग न्यूज अपडेट (डिजाइन फोटो) 
देश

आज की ताजा खबर 28 जुलाई: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सारी बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: पुरी में नीलाद्रि बिजे अनुष्ठान के साथ 2026 की जगन्नाथ रथ यात्रा संपन्न हुई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा श्रीमंदिर के गर्भगृह में विधिवत विराजमान हुए।

प्रिया सिंह

Breaking News Today: ओडिशा के पुरी में 2026 की जगन्नाथ रथ यात्रा का समापन नीलाद्रि बिजे अनुष्ठान के साथ हुआ। इस पावन अनुष्ठान के दौरान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की श्रीमंदिर के गर्भगृह में विधिवत वापसी कराई गई। नीलाद्रि बिजे को रथ यात्रा का अंतिम और अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान माना जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन और इस ऐतिहासिक परंपरा के साक्षी बनने के लिए पुरी पहुंचे।

प्रियंका गांधी क्या हमला बोलेंगी एक बार अध्ययन कर ले: जनार्दन सिंह

भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने संसद में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर कहा, प्रियंका गांधी क्या हमला बोलेंगी उनके जन्म से पहले से ये सरकार उनकी नाना-नानी, माता की रही हैं और किस तरह से अत्याचार किया उसका एक बार अध्ययन कर ले। अध्ययन करेंगे तो उनका सारा हमला वहीं गुम हो जाएगा। वो हमला बोलने लायक है ही नहीं जो हमला वो बोल सकती हैं ये सरकार नरेंद्र मोदी की सरकार छात्रों के हित वाली, महिलाओं के हित वाली, किसानों, युवाओं के हित में काम करने वाली सरकार है इसलिए ये गुमराह करने का जो इनका एजेंडा था वो गुमराह नहीं कर पाए इसलिए उन्हें बैचेनी है तो आप बैचेन होकर क्या करेंगे देश तो जान ही रहा है आपकी असलियत।

बांकीपुर में भाजपा की प्रचंड जीत होने जा रही है: विवेक ठाकुर

भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने बांकीपुर उपचुनाव पर कहा बांकीपुर में भाजपा की प्रचंड जीत होने जा रही है और जो राजनीति को व्यापार बनाकर जिसने बेचा जिसकी जो पहचान हैं बिहार में तो सारे सीट पर विगत विधानसभा में आपने देखा जमानत जब्त हुआ यहां पर भी पराजय होने जा रहा है।

विपक्ष ने पेपर लीक बिल पर कुछ नहीं बोला इससे मैं दुखी हूं: किरण रिजिजू

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, काफी दिनों के बाद आज संसद देर तक चल रही है मुझे अच्छा लगा कि हम लोग देर तक संसद में बैठकर पेपर लीक जो होता है उसे रोकने के लिए बड़ा कानून लेकर आए हैं मुझे अच्छा लगा कि हम लोग चर्चा कर रहे हैं और देर रात तक कर रहे हैं। लेकिन दुख इस बात का है कि विपक्ष के आप सभी भाषण सुन लीजिए किसी ने भी इतना महत्वपूर्ण बिल पर जो चर्चा हो रही है उस बिल पर किसी ने नहीं बोला वो सभी सिर्फ राजनीति ही कर रहे थे सारे लोग राजनीति ही कर रहे थे ये तो ठीक नहीं है जब बिल पर चर्चा होती है तो बिल के प्रावधान के मेरिट पर बोलो ना। जो कठोर कानून लेकर आए हैं उस पर वो चर्चा करते तो लाभ होता लेकिन उन सभी ने बिल पर कुछ नहीं बोला इससे मैं दुखी हूं।

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने ₹70 करोड़ के म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट एडिशनल DCP प्रशांत चौधरी ने धोखाधड़ी के मामले पर कहा, दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की साइबर सेल ने ₹70 करोड़ के म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह एक नेशनवाइड और इंटरनेशनल नेटवर्क था, जिसने 19 राज्यों तक फ्रॉड किया है। यूके और दुबई से भी इनके लिंक मिले हैं। इसमें 248 म्यूल अकाउंट बस्ट हुए हैं। आगे जांच करने पर पता लगा कि डेमियन ट्रेडर्स एक म्यूल अकाउंट होल्डर है, जिसके नाम पर नौ करंट अकाउंट बने हुए हैं। आगे की जांच में पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया, जिसमें म्यूल अकाउंट होल्डर्स, म्यूल अकाउंट रिक्रूटर्स और पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड शामिल थे, जो कई अकाउंट्स के माध्यम से पैसों को रूट करते थे।

मेडिकल कॉलेज के पास वाली मजार में बिजली का कनेक्शन है: रविदास मेहरोत्रा ​ ​

सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ​​ने केजी नायक हाजी हरमन शाह मजार का घरेलू बिजली कनेक्शन बंद करने की मांग पर कहा मेडिकल कॉलेज के पास जो मजा है, मजार में बिजली का कनेक्शन है और वहां पर लोग बिजली का भुगतान करने का काम करते हैं।

केजरीवाल को दिल्ली की जनता ने नकार दिया था: धर्मशीला गुप्ता

भाजपा राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने केजरीवाल के बयान पर कहा, केजरीवाल जी को तो दिल्ली की जनता ने नकार दिया। अब वो पंजाब पर अपनी नजर लगाए हुए हैं। छात्रों को फिर बरगला औऱ भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। मेरा तो यह कहना है कि केजरीवाल जी हार की हताश में इतना निराश हो गए है कि उनको कहीं उनका अस्तित्व नहीं दिख रहा है इसलिए छात्रों का सहारा लेना चाहते हैं।

सीएम मोहन यादव किसानो के नेतृत्व में लगातार काम कर रहें हैं: सुमेर सिंह सोलंकी

भाजपा नेता सुमेर सिंह सोलंकी ने किसान आंदोलन पर कहा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार किसान भाई और बहनों के कल्याण का कार्य किया जा रहा है। हमारी सरकार चाहे वो प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार हो या मध्य प्रदेश की सरकार हो किसान भाई और बहनों की चिंता लगातार की जा रही है।

सिविल कोर्ट के कार्यकारिणी सम्मान समारोह में शामिल हुए CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सम्मान समारोह में शामिल होने गोरखपुर के सिविल कोर्ट परिसर पहुंचे।

मैं इतना कहूंगा कि सदन चलना चाहिए: दिनेश शर्मा

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा मैं इतना कहूंगा कि सदन चलना चाहिए। प्रधानमंत्री जी की पहल पर परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कठोर कानून बनाए गए हैं। विपक्ष को सहयोगी की भूमिका निभाते हुए सदन की कार्यवाही में भाग लेना चाहिए। विपक्ष चर्चा से क्यों भाग रहा है। उन्हें चर्चा में आकर अपना मत व्यक्त करना चाहिए कि प्रतियोगी परीक्षाओं में जो संशोधन किए गए हैं और जो कड़े कानून लाए गए हैं, उनका वे समर्थन करते हैं या नहीं। यह उन्हें बताना चाहिए।

पवन सिंह ने बांकीपुर विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार के लिए किया रोड शो

बिहार बांकीपुर विधानसभा के प्रचार के दौरान भाजपा और राजद के स्मारकों के आगमन से तनाव की स्थिति बन गई। भाजपा अविश्वासी प्रसाद और भाजपा एमएलसी पवन सिंह ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के लिए रोड शो किया।

पेपर लीक बिल पर 10 घंटे तक चर्चा को तैयार सरकार: रिजिजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक पर व्यापक चर्चा के लिए सरकार की सहमति जताई। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के नेताओं से बातचीत के बाद 6 घंटे की चर्चा को बढ़ाकर 8 घंटे करने पर सहमति बनी है। रिजिजू ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो सरकार 10 घंटे तक भी बहस कराने के लिए तैयार है। उन्होंने इसे सभी दलों की सहमति और लोकतांत्रिक विमर्श की भावना का हिस्सा बताया।

अखिलेश यादव का हमला- भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया

दिल्ली में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से शिक्षा, परीक्षाओं और विश्वविद्यालयों को प्रभावित करने की कोशिश हुई है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन के कारण सरकार को झुकना पड़ा और व्यवस्था में बदलाव के बाद ही छात्रों को न्याय मिलेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए परीक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाए।

संबित पात्रा ने धर्मेंद्र प्रधान पर रिपोर्ट को बताया बेबुनियाद

दिल्ली में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में किए गए दावे पूरी तरह मनगढ़ंत, निराधार और तथ्यहीन हैं। पात्रा ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय मंत्रियों और CJP प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत को लेकर प्रकाशित खबर का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से यह स्पष्टीकरण इसलिए दिया गया है ताकि इस मुद्दे पर किसी तरह का भ्रम या गलतफहमी न बनी रहे।

दिल्ली में बारिश से जलभराव, ITO पर लंबा ट्रैफिक जाम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में हुई बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। ITO क्षेत्र से सामने आए वीडियो में सड़कों पर पानी भरने और वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।

कांवड़ यात्रा को लेकर अयोध्या में सुरक्षा तैयारियां पूरी

अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव ग्रोवर ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी शिवालयों, धार्मिक स्थलों और कांवड़ मार्गों का प्रशासन एवं पुलिस द्वारा निरीक्षण पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के डायवर्जन की व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित कर लिया गया है। सावन मेले की तैयारियों की भी लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि पूरा आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

तेजस्वी यादव की चेतावनी- केस वापस नहीं हुए तो बिहार बंद

पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने रोड शो के दौरान कहा कि पेपर लीक विरोध प्रदर्शन से जुड़े कई छात्रों को अब तक रिहा नहीं किया गया है और उनके खिलाफ दर्ज मामले भी वापस नहीं लिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के परिजन अभी भी परेशान हैं। तेजस्वी यादव ने चेतावनी दी कि यदि अगले दिन शाम तक सभी केस वापस नहीं लिए गए, तो 30 तारीख से सुबह 7 बजे पूरे बिहार में व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा।

अमरनाथ हादसा: सभी 39 घायल तीर्थयात्रियों की हालत स्थिर

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर स्थित SKIMS अस्पताल पहुंचकर गनीवान, गांदरबल में सड़क हादसे में घायल हुए श्री अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि बाबा अमरनाथ की कृपा से अस्पताल में भर्ती सभी 39 श्रद्धालुओं की हालत फिलहाल स्थिर है और उपचार का उन पर सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। प्रशासन घायलों के बेहतर इलाज और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने में जुटा है।

मौसम खराब, चारधाम यात्रा फिलहाल स्थगित: धामी

देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लगातार बारिश और कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मौसम सामान्य होते ही यात्रा दोबारा शुरू होगी। वहीं, देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे पर नए पुल का हिस्सा ढहने के मामले में उन्होंने जांच और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की बात कही।

महबूबा मुफ्ती बोलीं- 370 की बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा

श्रीनगर में पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि उनकी पार्टी कश्मीर के मुद्दों के समाधान के लिए बनी थी और अनुच्छेद 370 व 35A की बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों में जाने की अनुमति मिलती है, उसी तरह कश्मीरी पंडितों के लिए शारदा पीठ के दर्शन का मार्ग भी खोला जाना चाहिए।

असम बाढ़ पर PM मोदी ने सांसदों संग की समीक्षा बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के सांसदों से मुलाकात कर राज्य के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता के लिए असम सरकार के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और कुशलता की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि राहत एवं बचाव कार्यों में हर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

झारखंड में 16 नक्सली नेताओं का सरेंडर, पुलिस की बड़ी सफलता

रांची में झारखंड पुलिस के आईजी ऑपरेशंस नतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ऑपरेशन नवजीवन के तहत लगातार कार्रवाई करते हुए कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 16 नक्सली नेताओं ने भी सरेंडर किया, जिसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया गया। आईजी के अनुसार राज्य में नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है और बचे हुए नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

हरिद्वार में कांवड़ मेले की तैयारियां पूरी, श्रद्धालु पहुंचने लगे

हरिद्वार में सावन माह के कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ज़िला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने बताया कि 30 तारीख से शुरू होने वाले कांवड़ मेले के लिए श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचने लगे हैं और गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल, शौचालय, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया गया है।

दिल्ली में झमाझम बारिश, कई इलाकों में बदला मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। डीडीयू मार्ग से सामने आए वीडियो में बारिश का असर साफ दिखाई दिया। बारिश के बाद लोगों को उमस से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

पेपर लीक पर अखिलेश यादव का संसद परिसर में प्रदर्शन

संसद के मानसून सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी सांसदों के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में 20 से अधिक बार पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं। अखिलेश यादव ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

छात्र प्रदर्शनों की निष्पक्ष जांच हो: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने सार्वजनिक प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई के लिए स्पष्ट और एक समान प्रोटोकॉल बनाए जाने की आवश्यकता भी बताई, ताकि कानून व्यवस्था और नागरिक अधिकारों के बीच संतुलन बना रहे।

स्वाति मालीवाल का आरोप- पंजाब पेपर लीक पर AAP चुप

दिल्ली में राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब में पिछले पांच वर्षों में कई पेपर लीक और नकल की घटनाएं हुईं, लेकिन अब तक जवाबदेही तय नहीं हुई। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर इस मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। मालीवाल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सभी राज्यों में समान रूप से लागू होनी चाहिए।

सायनी घोष बोलीं- NDA की पहली बैठक रही ज्ञानवर्धक

दिल्ली में बागी टीएमसी सांसद और एनसीपीआई नेता सायनी घोष ने कहा कि उन्होंने पहली बार एनडीए की बैठक में हिस्सा लिया, जो उनके लिए ज्ञानवर्धक और जानकारीपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। एफटीए, ब्लू इकोनॉमी और सार्वजनिक परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई तथा छात्रों की आवाज को लोकतंत्र की ताकत बताया गया।

शशि थरूर बोले- पेपर लीक बिल पर व्यापक चर्चा जरूरी

दिल्ली में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सार्वजनिक परीक्षाओं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस बहस में भाग लेने को तैयार है और संसद को फिर से सुचारु रूप से चलाया जाना चाहिए। थरूर ने कहा कि युवाओं की आवाज संसद में सुनी जानी चाहिए और परीक्षा प्रणाली की खामियों पर गंभीर विमर्श होना आवश्यक है।

लोकसभा दोपहर 2 बजे तक स्थगित, ओम बिरला ने की अपील

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस दौरान अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को सुचारु रूप से चलाने की अपील करते हुए कहा कि संसद में चर्चा और संवाद होना चाहिए ताकि सभी पक्ष अपने विचार रख सकें। उन्होंने कहा कि देश के सामने यह सकारात्मक संदेश जाना चाहिए कि लोकतंत्र के सर्वोच्च मंच पर सार्थक बहस और संवाद होता है।

प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला, धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत पर उठाए सवाल

दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हुए स्वागत पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार के रवैये पर भरोसा नहीं किया जा सकता और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

पंजाब पेपर लीक पर भाजपा सांसदों का संसद के बाहर प्रदर्शन

दिल्ली में भाजपा सांसदों ने पंजाब के कथित पेपर लीक मामले को लेकर संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग उठाई। भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की। इस मुद्दे को लेकर संसद परिसर में राजनीतिक हलचल तेज रही।

ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ा, घाटों पर सुरक्षा अलर्ट

ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। SDRF के अतिरिक्त उप-निरीक्षक महावीर चौहान ने बताया कि गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 50 सेंटीमीटर नीचे है। श्रद्धालुओं को लगातार सतर्क रहने की घोषणा की जा रही है। घाटों पर जल पुलिस, SDRF और आपदा राहत दल तैनात किए गए हैं।

PM मोदी का वीडियो हटाने पर मेटा ने गलती मानी

मेटा ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो ब्लॉक किए जाने के मामले में सफाई जारी की है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि संबंधित कंटेंट गलती से हट गया था और अब उसे बहाल कर दिया गया है। मेटा ने स्पष्ट किया कि यह तकनीकी त्रुटि थी, जिसे सुधारते हुए वीडियो को दोबारा प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया गया है।

'मंगल मिलन' बैठक के बाद रवाना हुए PM मोदी और NDA नेता

दिल्ली में संसद परिसर में आयोजित एनडीए संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता रवाना हुए। बैठक में कई प्रमुख नेता शामिल हुए। माना जा रहा है कि इसमें संसदीय रणनीति और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई।

संसद में NDA संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक शुरू

दिल्ली में संसद परिसर में एनडीए संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक शुरू हो गई है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान संसदीय रणनीति, समसामयिक राजनीतिक मुद्दों और आगामी कार्यवाही को लेकर चर्चा होने की संभावना है। बैठक को एनडीए के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

NDA की 'मंगल मिलन' बैठक में पहुंचे शाह, राजनाथ और नड्डा

दिल्ली में संसद परिसर में आयोजित एनडीए संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होने पहुंचे। बैठक में समसामयिक राजनीतिक और संसदीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

'मंगल मिलन' बैठक में पहुंचे बागी TMC सांसद और NDA नेता

दिल्ली में संसद परिसर में आयोजित एनडीए संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक में बागी टीएमसी सांसद और एनसीपीआई नेता काकोली घोष, शताब्दी रॉय, सायनी घोष, भाजपा सांसद सुष्मिता देव सहित कई नेता शामिल होने पहुंचे। बैठक में विभिन्न दलों के सांसदों की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों का ध्यान आकर्षित किया।

निशिकांत दुबे ने विदेशी कंपनी को लेकर उठाए सवाल

भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए एक भारतीय राजनेता के कथित तौर पर ब्रिटेन की कंपनी BACKOPS लिमिटेड में निदेशक होने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने ब्रायन लवग्रोव और उल्रिक मैकनाइट के साथ उस भारतीय नेता के संबंधों पर भी प्रश्न किए। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई अतिरिक्त विवरण या साक्ष्य साझा नहीं किया।

देहरादून में बारिश, कई इलाकों में मौसम हुआ सुहाना

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। निंबूवाला और गढ़ी कैंट क्षेत्र से सामने आए वीडियो में बारिश के बीच बदला हुआ मौसम दिखाई दिया। बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं शहर का मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

छात्रों पर कार्रवाई को लेकर मनीष तिवारी का स्थगन प्रस्ताव

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने 20 जुलाई 2026 को संसद मार्च के दौरान निहत्थे छात्र प्रदर्शनकारियों पर रैपिड एक्शन फोर्स द्वारा कथित पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे पर चर्चा की मांग की है। आरोप है कि इस कार्रवाई में 80 से अधिक लोग घायल हुए थे, जिस पर सदन में विस्तृत बहस की मांग की गई है।

दिलीप घोष बोले- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

न्यू टाउन, कोलकाता में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती और सरकार हर जगह व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करेगी। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 पर उन्होंने कहा कि भारत की खेलों में स्थिति लगातार मजबूत हुई है और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीत रहे हैं।

भूस्खलन के बाद सेना ने फंसे यात्रियों को बांटा भोजन

रामबन, जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर भूस्खलन के कारण फंसे ट्रक चालकों और अन्य यात्रियों को ताज़ा भोजन उपलब्ध कराया। उधमपुर के देवल क्षेत्र में हुए भारी भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया था। राहत कार्यों के बीच सेना ने जरूरतमंद लोगों की सहायता कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

उधमपुर में अमरनाथ यात्रा सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तीर्थयात्रियों के लंगर के पास संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) के साथ भारतीय सेना, ITBP, CISF, SDRF, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने हिस्सा लिया। ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की प्रभावशीलता को परखना था।

सर्वेश कुशारे बोले- अब एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना लक्ष्य

ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में हाई जम्प में रजत पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट सर्वेश कुशारे ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय एथलेटिक्स टीम और अधिक गोल्ड मेडल हासिल करेगी। सर्वेश ने अपना सिल्वर मेडल परिवार और देश को समर्पित करते हुए कहा कि भविष्य में गोल्ड जीतने के और भी अवसर मिलेंगे।

उधमपुर में देशभक्ति के साथ मनाया गया कारगिल विजय दिवस

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में टाउन हॉल के पास स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक पर 27  जुलाई को कारगिल विजय दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। समारोह में पूर्व सैनिकों, NCC कैडेट्स, छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नीलाद्रि बिजे के साथ संपन्न हुई 2026 की जगन्नाथ रथ यात्रा

पुरी, ओडिशा में नीलाद्रि बिजे अनुष्ठान के साथ 2026 की जगन्नाथ रथ यात्रा संपन्न हुई। इस पावन अनुष्ठान के तहत भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की श्रीमंदिर के गर्भगृह में विधिवत वापसी कराई गई।

नेपाल में जलप्रलय से यूपी-बिहार पर आफत, सरकार ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग, इन जिलों में तबाही का हाई अलर्ट

कर्नाटक वाल्मीकि निगम मामले में घिरे नागेंद्र, BJP ने बनाया दबाव, इस्तीफे की अटकलों पर खुद दिया जवाब

जिनेवा में भारत का करारा जवाब, आखिर किस UN रिपोर्ट पर भड़का विदेश मंत्रालय? वैश्विक मंच पर दी सख्त चेतावनी

Indigo Flight 6E231 में बम की धमकी से हड़कंप, बेंगलुरु में सुरक्षित लैंडिंग, जांच में निकली अफवाह

इस्लाम में बुर्का नहीं, पर्दा जरूरी! इलाहाबाद हाईकोर्ट के हिजाब फैसले पर प्यारे खान का बड़ा बयान