आज की ताजा खबर (डिजाइन फोटो) Breaking LIVE
देश

आज की ताजा खबर 17 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: हर घर तिरंगा अभियान का आज आखिरी दिन, कावेरी जल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, JPSC-JSSC छात्रों से झारखंड सरकार आज दोपहर 2 बजे वार्ता करेगी। नेपाल दौरे पर थल सेना प्रमुख।

अक्षय साहू, अमन मौर्या

कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से आज शुरू होगी बूढ़ा अमरनाथ यात्रा

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित हिमालयी तीर्थस्थल बूढ़ा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा आज से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना करेंगे। यात्रा को लेकर जम्मू-राजौरी-पुंछ राजमार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Breaking News Today LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का आज आखिरी दिन है। कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने को लेकर तमिलनाडु की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ करेगी। JPSC-JSSC मामले को लेकर हेमंत सोरेन सरकार आज दोपहर 2 बजे आंदोलनरत छात्रों से बातचीत करेगी। छात्रों को उनके विधिक सलाहकारों के साथ वार्ता में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है। थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ आज से 19 अगस्त तक नेपाल के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। वहीं, ट्विशा शर्मा डेथ केस में आज भोपाल की अदालत में सुनवाई होगी। देश और दुनिया से जुड़ी तमाम लेटेस्ट अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहिए नवभारत लाइव के साथ...

सावन का तीसरा सोमवार: काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सावन के तीसरे सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़िए जुटे, फूलों से उनका स्वागत किया गया।

झारखंड: लगता नहीं है कि हम ज्यादा दिन तक जिंदा रह पाएंगे: प्रदर्शनकारी छात्र प्रेम नायक

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन में अनशन पर बैठे एक प्रदर्शनकारी छात्र प्रेम नायक ने कहा, आज धरने का 24वां दिन है और मेरी भूख-हड़ताल का 14वां दिन है। स्थिति बहुत ही गंभीर हो गई है। तबीयत ज्यादा बिगड़ रही है। लगता नहीं है कि हम ज्यादा दिन तक जिंदा रह पाएंगे लेकिन इस लड़ाई में आखिरी सांस तक, इस देश, इस राज्य के लिए हम मर जाएंगे लेकिन पीछे नहीं हटेंगे। सरकार से हम ये कहना चाहेंगे कि आप अभी भी हमारे बारे में कुछ सोचिए नहीं तो जो बच्चे धीरे-धीरे उग्र होते जा रहे हैं,आपको पता नहीं चलेगा कि ये चिंगारी कब आग बन जाएगी। मुख्यमंत्री से हम कहेंगे कि आप खुद इन बातों का संज्ञान लीजिए, मंत्रियों पर कोई बात मत छोड़िए। ये बहुत ही गंभीर विषय है। हमें वार्ता करने के लिए बुलाया जाता है लेकिन हमारी बात सुनी नहीं जाती है, मांगों को माना नहीं जाता है। उम्मीद है कि सरकार पर जो दबाव है, इससे अच्छा रास्ता निकलेगा और वे हमारे लिए, झारखंड के लिए अच्छे कदम उठाएंगे।

लखीसराय के अशोक धाम में भगदड़, कई लोगों की मौत

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में सावन के सोमवार को भगदड़ मच गई। कई लोगों की मौत। 

लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ में 7 लोगों की मौत

लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ जैसी घटना में 7 लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के घायल होने की खबर है। SDPO शिवम कुमार ने ANI को बताया, 7 लोगों की मौत की खबर है। कहा जा रहा है कि वहां बिजली का एक खंभा गिर गया और लोग बिजली की चपेट में आ गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हम पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही सही वजह बता पाएंगे।

लखीसराय के अशोक धाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है: CM सम्राट चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ में लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

दिल्ली के रघुबीर नगर में एक गोदाम में लगी आग, दो लोगों की मौत

दिल्ली के रघुबीर नगर में सुबह-सुबह एक गोदाम में आग लग गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। फायर डिपार्टमेंट को सुबह 4:42 बजे इसकी जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि पहली मंज़िल पर रखी ई-रिक्शा की बैटरी फट गईं, जिससे आग लग गई। चार फायर टेंडर भेजे गए और आग पर काबू पाया गया।

बिहार: बिजली का एक खंभा गिरने की अफवाह से अशोक धाम मंदिर में हुआ हादसा: लखीसराय के DM शैलेंद्र कुमार

लखीसराय के DM शैलेंद्र कुमार ने कहा, श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें रुकी हुई थीं। अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। यह खंभा पुरुषों की लाइन के ओर था। खंभा गिरने पर अफवाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का तार (लाइव वायर) गिर गया है, लेकिन वह केबल वायर था। इससे बाईं ओर महिलाओं की लाइन पर दबाव बन गया। इस वजह से महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। पुलिस प्रशासन सुबह 3 बजे से ही वहां गश्त कर रहा था। यह सब अचानक 2 मिनट के अंदर हुआ। हम अभी सदर अस्पताल में हैं। मरने वाली सभी महिलाएं हैं। हम मरने वालों की सही संख्या का पता लगा रहे हैं।

बिहार सरकार ने लखीसराय के अशोक धाम की घटना में मुआवजे का ऐलान किया

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ट्वीट किया, लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। बिहार के लखीसराय के अशोकधाम में भगदड़ जैसी स्थिति में 7 लोगों की मौत हो गई है।

खान और खनिज संशोधन विधेयक को झारखंड़ में लागू नहीं होने देंगे: कांग्रेस नेता इरफान अंसारी

झारखंड मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, भारत सरकार ने जिस प्रकार यहां के लोगों का आहित करने का प्रयास किया है, खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक का हम विरोध करते हैं। इस एक्ट के आने से 15 हजार करोड़ का नुकसान झारखंड को होगा, यहां के आदिवासियों मूल वासियों को होगा। इससे पूरे झारखंड में आक्रोश का माहौल है। कांग्रेस पार्टी किसी कीमत पर इस एक्ट को झारखंड में लागू नहीं होने देगी इसके लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा हम करेंगे। हम राष्ट्रपति से भी मिलेंगे और कहेंगे कि ये एक्ट झारखंड के लिए नहीं होना चाहिए।

छात्रों के सभी जायज मांगों को मानने की कोशिश कर रही है झारखंड सरकार: कांग्रेस नेता दीपिका पांडेय

झारखंड सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता दीपिका पांडेय ने कहा, लगातार ये प्रयास हो रहा है कि छात्रों की सभी जायज मांगों को माना जाए। उनसे दो राउंड की वार्ता के बाद, जिन बातों पर सहमति हुई आज मैं आपके सामने वो विषय रखना चाहूंगी। जांच के विषय पर जिन बातों पर सहमति थी कि JPSC की जो परीक्षा हुई है या TDPL के द्वारा जितने भी परीक्षाओं का आयोजन किया गया है, 14वीं JPSC की रद्द करने की बात हुई। जांच के दायरे में JSSC-CGL और TDPL के द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की बात हुई। TDPL के द्वारा जिन परिक्षाओं को आयोजित करवाया गया है, उसकी जांच राज्य सरकार की एजेंसी CID करेगी। हम लोगों ने यहां कहा कि किसी केंद्रीय एजेंसी को यदि इसमें जांच करनी है तो ED को भी पत्र लिखा जाएगा। JSSC-CGL को लेकर छात्रों की चिंता है लेकिन आप सब जानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश के बाद उसके नतीजे घोषित किए गए, नियुक्ति पत्र बांटे गए और लोग करीब 1 साल से उसमें कार्यरत है। क्योंकि कोर्ट उसमें शामिल है तो राज्य सरकार उस बदली हुई परिस्थिति में क्या कैसे करेगी, इसलिए हमने छात्रों से आग्रह किया कि CID की जांच की पूरी मॉनिटरिंग न्यायिक कमेटी से करवाई जाएगी। ये प्रयास होगा कि 90 दिनों के अंदर उन जांचों को पूरा करके, फास्ट ट्रैक कोर्ट का रुख करके हम उसमें छात्रों को न्याय दिलाने का काम करेंगे। आज सबसे बड़ा विषय सुधारों को लेकर है। ये न केवल झारखंड की समस्या है बल्कि देश की आवश्यकता है कि बदलती हुई परिस्थिति में, समय के अनुसार हम सुधार लाएं, बदलाव हों ताकि किसी भी तरह से पेपर लीक की समस्या न उत्पन्न हो। हम लोगों ने 2023 में एक विधेयक विधानसभा से पारित किया इस बात को सुनिश्चित करने के लिए कि पेपर लीक के खिलाफ कठोरतम सजा सुनिश्चित की जा सके। यहां भाजपा इसका विरोध कर रही थी लेकिन वहां छात्रों को संतुष्ट करने के लिए संसद में उसी कानून को लाया गया।

प्रशांत किशोर ने बिहार विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ लिया

जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने विधानभवन में विधायक पद की शपथ ली।

उज्जैन में करंट की अफवाह से नागचंद्रेश्वर दर्शन की कतार में मची भगदड़, कई लोग घायल

उज्जैन में नागचंद्रेश्वर दर्शन की कतार में करंट फैलने की अफवाह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई श्रद्धालु घायल हुए, जिन्हें चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अनुराग जैन बने नीति आयोग के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग जैन ने नीति आयोग के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में पदभार संभाल।

आय से अधिक संपत्ति केस में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, सुनवाई पर लगाई रोक

सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी राहत दी है। अदालत ने CBI और ED की जांच पर रोक लगाते हुए इलाहाबाद HC के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर नोटिस जारी किया है।

ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI ने कोर्ट में 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की

CBI ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में CBI कोर्ट में 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ BNS की धाराओं 80(2), 85, 108, 3(5) और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तमिलनाडु में 75,000 रुपये तक के फसल ऋण पूरी तरह से (100%) माफ

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा, "75,000 रुपये तक के फसल ऋण पूरी तरह से (100%) माफ कर दिए जाएंगे। 75,000 रुपये से 1,00,000 रुपये तक के फसल ऋणों के लिए, 75,000 रुपये तक की छूट दी जाएगी। 1,00,000 रुपये से अधिक के फसल ऋणों के लिए, 35,000 रुपये तक की छूट दी जाएगी। इस उपाय के माध्यम से, 75,000 रुपये से 1,00,000 रुपये के बीच फसल ऋण लेने वाले 2,38,264 किसानों को प्रति किसान 75,000 रुपये तक की छूट मिलेगी। नतीजतन, उन्हें पहले से मिली छूट के अलावा 40,000 रुपये तक की अतिरिक्त छूट पाने का मौका मिलेगा। फसल ऋण की इस अतिरिक्त छूट से सरकार पर लगभग 953.06 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। फिर भी, यह ध्यान में रखते हुए कि तमिलनाडु के किसानों का कल्याण ही हमारा कल्याण है, यह सरकार 13.34 लाख किसानों को कुल मिलाकर लगभग 6,220 करोड़ रुपये की फसल ऋण छूट दे रही है।

CID ने रांची में JSSC ऑफिस में की छापेमारी

रांची में नियुक्ति घोटाले की जांच के सिलसिले में CID ने JSSC ऑफिस में छापेमारी की।

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने की नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होंगे। विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी राष्ट्रीय महासचिवों में से एक होंगे, पीयूष गोयल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष होंगे।

एडमिशन के नाम पर 10 लाख की ठगी के गिरोह का भंडाफोड़

मुंबई DCP, वेस्ट जोन-3, दत्ता नलावडे ने बताया कि एक व्यक्ति के साथ इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन कराने के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी की गई थी। जांच में पता चला कि इसके पीछे एक गिरोह काम कर रहा था। 2 कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। 10 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

कांग्रेस को वंदे मातरम में सामंजस्य बनाने में लगेगा समय: अब्दुल्ला

वंदे मातरम विवाद पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ये मेरा 8वां 15 अगस्त का परेड था जिसमें पहली बार वंदे मातरम को शामिल किया गया। मुझे भी समझने में थोड़ा समय लगा। शायद कांग्रेस को भी सामंजस्य बनाने में समय लगा।

CM नायब सैनी ने HPPC-HPWPC की बैठक में हुए शामिल

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में HPPC और HPWPC की एक अहम बैठक की अध्यक्षता की।

नई BJP कमेटी में शामिल होने वाले सदस्यों का CM ने किया स्वागत

निकाय चुनावों को लेकर इलेक्शन कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई। बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे। इस दौरान सीएम ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में शामिल गजेंद्र पटेल, रोहन गुप्ता, हरीश द्विवेदी और संगीता यादव का स्वागत किया।

नवगठित BJP टीम की 22 अगस्त को होगी परिचयात्मक बैठक-सूत्र

सूत्रों के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व वाली नवगठित बीजेपी राष्ट्रीय टीम की पहली परिचयात्मक बैठक 22 अगस्त की सुबह होगी।

JSSC परीक्षा रद्द होने पर देवेंद्र महतो ने CM सोरेन का किया धन्यवाद

JSSC-CGL परीक्षा और TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की मुख्यमंत्री की घोषणा पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि हम इस आंदोलन में सहयोग और समर्थन के लिए सभी छात्रों, अभिभावकों, मीडिया के सदस्यों, पुलिस प्रशासन और खासकर झारखंड सरकार व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का दिल से धन्यवाद देते हैं। हम छात्रों के मुद्दों को गंभीरता से लेने और हमारी मांगों को पूरा करने के लिए आभार व्यक्त करते हैं; सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जांच बहुत बारीकी से की जा रही है और इसमें शामिल हर भ्रष्ट व्यक्ति को पकड़ा जा रहा है। वे इन गिरोहों के पीछे के असली सरगनाओं तक पहुंचने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं।

देवेंद्र महतो ने अनशन खत्म करने का किया ऐलान

झारखंड सरकार द्वारा JSSC-CGL परीक्षा और TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने के बाद भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपना अनशन खत्म करने का ऐलान किया है।

भारत-स्विट्जरलैंड आर्थिक साझेदारी होगी मजबूत! वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गाय पार्मेलिन की अहम बैठक

दिल्ली में धारा 163 लागू, जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ी, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज भी प्रदर्शन के आसार

Weather Today: जम्मू-मिजोरम से तमिलनाडु तक भारी बारिश, दिल्ली-UP में तेज हवाएं; इन राज्यों में रहेगा सूखा

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल, देशभर में सेवा ज्योति के तहत कार्यक्रम; कार्यकर्ता को करेंगे संबोधित

Guru Gobind Singh Shaheedi Diwas: सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह का शहीदी दिवस आज, पढ़ें उनकी गौरवगाथा