Breaking News Today Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ समेत कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में आज उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित MP/MLA कोर्ट में अगली सुनवाई होगी। पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज अपनी सरकार की पहली प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वहीं, ऑरेंज अलर्ट जारी होने के बाद चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के समय मुख्य निर्वाचन अधिकारी रहे मनोज अग्रवाल अब मुख्य सचिव बन गए हैं। अब मनोज अग्रवाल पश्चिम बंगाल सरकार के नए मुख्य सचिव होंगे।
पश्चिम बंगाल सरकार के पूर्व मंत्री सुजीत बोस को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अरेस्ट किया है। ईडी ने पूछताछ के दौरान सामने आए सबूतों के आधार पर उनके ऊपर कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पूछताछ के दौरान सुजीत बोस को कई अहम सबूत दिखाए गए, जिसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया।
पीएम मोदी ने एक बार फिर कहा है कि देश के लोगों को पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। इसके साथ ही सोना न खरीदने की अपील की है।
राहुल गांधी ने कहा, NEET 2026 के पेपर लीक की खबर सुनी। परीक्षा नहीं - NEET अब नीलामी है। कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले WhatsApp पर बिक रहे थे। 22 लाख से ज़्यादा बच्चे साल भर रात-रात भर आँखें जलाकर पढ़ते रहे और एक रात में उनका भविष्य बाज़ार में सरेआम नीलाम हो गया। यह पहली बार नहीं है। 10 साल में 89 पेपर लीक - 48 बार दोबारा परीक्षा। हर बार वही वादे, और फिर वही ख़ामोशी।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनते ही सीएम शुभेंदु अधिकारी ने ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त मनोज अग्रवाल को राज्य का मुख्य सचिव बनाया है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कैबिनेट गठन के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। दिलीप घोष को पंचायत व ग्रामीण विकास और कृषि विपणन, अग्निमित्रा पाल को नगर विकास और नारी व शिशु कल्याण विभाग, अशोक कीर्तनिया को खाद्य विभाग, खुधीराम टुडू को आदिवासी विकास विभाग और निशिथ प्रामाणिक को उत्तर बंगाल विकास विभाग और खेल व युवा कल्याण विभाग मिला है।
नासिक टीसीएस (TCS) में हुए कथित यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण के मामले में एक नया मोड़ आया है। मामले की मुख्य आरोपी निदा खान की पुलिस रिमांड (PC) अवधि आज समाप्त होने के बाद उन्हें नासिक रोड कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद निदा खान को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में भेजने का आदेश दिया है। इसके तुरंत बाद आरोपी को नासिक रोड सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया गया।
चुनाव आयोग ने पंजाब में निकाय चुनाव का ऐलान कर दिया है। 26 मई को वोटिंग होगी, जबकि 29 मई को नतीजे आएंगे। नॉमिनेशन की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होकर 16 मई तक चलेगी।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना, बारासात की अदालत ने CM सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में गिरफ्तार मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को 13 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने 14 दिन की रिमांड की मांगी थी, लेकिन अदालत ने 13 दिन की मंजूरी दी है।
पहली कैबिनेट में बंगाल के सीएम सुवेंदु ने लिए 6 बड़े फैसले लिए। इनमें बॉर्डर फेंसिंग के लिए जमीन और केंद्रीय योजनाओं को लागू करने जैसे फैसले शामिल हैं।
सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के अयोध्या से शार्प शूटर राज सिंह को गिरफ्तार किया है। राज सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी बताया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने आज से डेटा सिस्टम की शुरुआत की है। यह एक नई पहल है जिसका उद्देश्य देश की अदालतों में न्यायिक डेटा तक एकीकृत पहुंच के माध्यम से कोर्ट के केस प्रबंधन ढांचे को मजबूत करना है।
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोने की खरीद से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा है। इसके साथ ही, ज्वैलरी व्यवसायी CTI के नेतृत्व में प्रधानमंत्री से मुलाकात करना चाहते हैं, जिसमें वे सोने और ज्वेलरी से संबंधित विस्तृत जानकारी पेश करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।
गुजरात के गिर को सोमनाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
असम के मुख्य सचिव के मुताबिक, मुख्यमंत्री के रूप में हिमंत बिस्वा सरमा का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को खानापारा स्थित वेटेरिनरी कॉलेज फील्ड में सुबह 11:40 बजे आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने PM नरेंद्र मोदी की अपील पर कांग्रेस की टिप्पणी पर कहा, राहुल गांधी को देश का इतिहास मालूम नहीं है। प्रधानमंत्री ने देश से अपील की है। जब-जब भारत में संकट आया है तब-तब भारत ने इसका मुकाबला किया है। राहुल गांधी बताएं कि क्या पंडित नेहरू विफल प्रधानमंत्री थे? 1962 के युद्ध के समय हमारे पास सोने की कमी थी और उन्होंने देश से आह्वान किया था। हमारी मां, बहनों और बेटियों ने मंगलसूत्र तक दान दिया था।
गुजरात के गिर सोमनाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद हैं। PM मोदी आज सोमनाथ मंदिर में 'सोमनाथ अमृत महोत्सव' में शामिल होंगे।
तमिलनाडु के मंत्री एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. के.जी. अरुणराज और के.ए. सेनगोट्टैयन ने विधायक के रूप में शपथ ली।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्वी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक के रूप में शपथ ली।
चेन्नई में AIADMK के महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी तमिलनाडु विधानसभा सत्र के लिए राज्य विधानसभा पहुंच गए हैं। आज नव-निर्वाचित सदस्य अपनी शपथ लेंगे।
पश्चिम बंगाल में चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में उत्तर प्रदेश से तीन शार्प शूटर गिरफ्तार किए गए हैं। घटना 6 मई की रात की है, जब शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले, मध्यमग्राम की सड़कों पर उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कल रात इन तीन शार्प शूटर्स को गिरफ्तार किया गया और उन्हें कोलकाता लाया गया। गिरफ्तार लोगों से भवानी भवन में पूरी रात पूछताछ की गई। अब इन्हें आज बारासात कोर्ट में पेश किया जाएगा।
नेपाल के काठमांडू स्थित त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान टर्किश एयरलाइंस के एक प्लेन के टायर में आग लग गई। पुलिस के अनुसार आग को समय रहते बुझा दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरपोर्ट सुरक्षा के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया, टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK 726, जो इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी, लैंडिंग के समय उसके टायर में आग लग गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस फ्लाइट में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। इन यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल थे।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा एक अवसरवाद दिखाया है। कांग्रेस राजनीति में हमेशा मौके की तलाश में रहती है कि कैसे सत्ता में घुसा जाए। वो DMK के साथी थे और उनका वर्षों पुराना गठबंधन था। चुनाव में DMK हार गई और एक नई पार्टी TVK का उदय हुआ, तो राहुल गांधी उनके साथ चले गए और आज वहां शपथ ग्रहण समारोह में गए। वो अभी तक केरल में अपना मुख्यमंत्री तय नहीं कर पाए हैं। उनकी अपनी ना कोई विचारधारा है, ना कोई रिश्ता है और ना कोई वफादारी है। जहां सत्ता है वहां कांग्रेस है।
नितेश राणे ने मुंबई में कहा कि AIMIM एक आतंकवादी संगठन की तरह काम कर रही है। उन्होंने ओसामा बिन लादेन और असदुद्दीन ओवैसी की तुलना करते हुए आरोप लगाया कि जिस तरह ओसामा बिन लादेन अल-कायदा के जरिए काम करता था, उसी तरह ओवैसी एआईएमआईएम के माध्यम से काम कर रहे हैं। राणे ने सवाल उठाया कि चुनाव जीतने के बाद ओवैसी ने कौन सा बड़ा काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि, AIMIM के घोषणा पत्र में “जिहाद” की बात की जाती है और जैसे पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर प्रतिबंध लगाया गया, वैसे ही एआईएमआईएम पर भी बैन लगाया जाना चाहिए।
उत्तराखंड में खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से 12 और 13 मई को यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों, खासकर ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में बारिश और मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बौछारें और हिमपात का अनुमान भी व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ समेत कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पीएम मोदी सुबह करीब 10:15 बजे सोमनाथ मंदिर पहुंचेंगे।