Today Weather Forecast: देश के मौसम में इस समय एक काफी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां उत्तर और मध्य भारत के मैदान तप रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्वी भारत और पहाड़ी इलाकों में आसमानी आफत अपना रौद्र रूप दिखाने को तैयार है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने ताजा चेतावनी में स्पष्ट किया है कि अगले 12 घंटों में मौसम की चाल बेहद आक्रामक हो सकती है।
दिल्ली में गर्मी का प्रकोप अपने चरम पर पहुंच गया है। यहां 20 से 22 मई तक भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है और अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दोपहर के समय 25 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रही हैं।
उत्तर प्रदेश में स्थिति और भी भयावह है, जहां बांदा में पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि लू लगने और हीट स्ट्रोक होने की अत्यधिक संभावना है।
राजस्थान के अधिकतर भागों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। यहाँ न केवल पारा चढ़ रहा है, बल्कि 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है, जो विजिबिजिटी को कम कर सकती हैं।
बिहार के लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत और आफत दोनों की खबर दी है। राज्य में 25 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट है। इस दौरान हवा की रफ्तार 81 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है, जिससे कच्चे मकानों और पेड़ों को नुकसान हो सकता है।
झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होने वाला है। रांची और आसपास के इलाकों में 50-85 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
ओडिशा इस समय भीषण गर्मी और उमस की दोहरी मार झेल रहा है। आज शाम के समय राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जो उमस से कुछ पल की राहत दे सकती है।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में जहां लू जैसे हालात हैं, वहीं उत्तरकाशी और चमोली जैसे ऊंचे इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहाड़ों की यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा स्थिति जरूर जान लें।
मध्य प्रदेश में 25 मई तक लू और गर्म हवाओं का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। भोपाल और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है, हालांकि कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की भी उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों में मौसम पलटने वाला है। शिमला, मनाली और कुल्लू जैसे पर्यटन स्थलों पर झमाझम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे सैलानियों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
झुलसाती गर्मी के बीच एक सुखद संदेश यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी तय दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून 26 मई को केरल तट पर पहुंचने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों को कवर कर चुकी है।
यह भी पढ़ें: बंगाल में अब नहीं मिलेगा मुस्लिमों को आरक्षण, सुवेंदु ने पलटा ममता का एक और फैसला, जानें अब किसे मिलेगा लाभ?
मौसम विभाग ने उन सभी 12 राज्यों के निवासियों को सजग रहने के लिए कहा है जहां तूफानी बारिश की संभावना है। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने, बिजली की लाइनें प्रभावित होने और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का डर है। विशेष रूप से किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखें और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।