Haryana Municipal Election 2026: हरियाणा में नगर पालिका और नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा चुका है। सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। चुनावी मैदान में भाजपा, आप, कांग्रेस, इनेलो, जजपा जैसी प्रमुख पार्टियों ने अपने पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। चौकानें वाली बात ये है कि हरियाणा के म्युनिसिपल कानून में निकाय चुनावों में पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने का प्रावधान ही नहीं है।
हरियाणा म्युनिसिपल अधिनियम 1973, हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 और अन्य निर्वाचन नियमों में किसी भी राजनीतिक दल का उल्लेख ही नहीं है।राज्य चुनाव आयोग द्वारा सालों से समय-समय पर उम्मीदवारों के लिए चुनाव चिन्ह से संबंधित आदेश जारी करता रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा फरवरी 2022 को तत्कालीन प्रदेश सरकार को कानून और नियमों में संशोधन करके राजनीतिक दल की परिभाषा तय करने और निर्वाचित प्रतिनिधियों पर दल-बदल विरोधी कानून लागू करने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे सरकार ने मंजूरी नहीं दी। चार महीने पहले हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पारित नए हरियाणा नगर निकाय विधेयक 2025 में भी राजनीतिक दल की परिभाषा तय करने और दल- बदल विरोधी संबंधी कोई भी प्रावधान नहीं डाला गया।
हरियाणा चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने जानकारी देते हुए बताया कि 21-25 अप्रैल तक निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल की प्रक्रिया चलेगी। 28 अप्रैल को सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
हरियाणा चुनाव आयोग द्वारा जारी नोटीफिकेशन में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में 10 मई को निकाय चुनाव की तारीख तय की गई है। साथ ही अगर किसी जगह उपचुनाव की जरूरत पड़ी तो 12 मई को उपचुनाव कराए जाएंगे।
हरियाणा में पंचकूला, अंबाला, सोनीपत में नगर निगम चुनाव प्रस्तावित हैं। साथ ही सांपला, रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा और उकलाना में नगरपालिका चुनाव होने हैं। इसके अलावा अन्य नगर पालिका चुनाव जैसे- झज्जर, टोहाना, तरावड़ी, राजौंद, कनीना और साढ़ौरा में भी नगर पालिका चुनाव होने हैं। कुछ स्थानो पर पंचायती राज के तहत उप-चुनाव भी होने हैं। इसको लेकर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।