अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ी गई ड्रग्स की बड़ी खेप (सोर्स -सोशल मीडिया) 
गुजरात

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ी गई ड्रग्स की बड़ी खेप: 11 करोड़ के हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ यात्री गिरफ्तार

Gujarat News: अहमदाबाद हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से 10.91 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़ा है, जिसकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है। जानें पूरी खबर।

करुणा नंद शाहवाल

Ahmedabad Airport Hydroponic Marijuana Rs 11 Crore Recovered: गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से 10.91 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है। कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने संदेह के आधार पर यात्री के सामान की जांच की, जिसमें स्निफर डॉग की मदद से नशीले पदार्थ की मौजूदगी का पता चला।

तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से पांच पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें हाइड्रोपोनिक गांजा छिपाकर रखा गया था। आरोपी जूनागढ़ जिले के मंगरोल का निवासी बताया जा रहा है और वह थाई एयरवेज की फ्लाइट से बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचा था। कस्टम विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े संभावित तारों की जांच शुरू कर दी है।

फ्लाइट टीजी-343 से अहमदाबाद आया

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई रविवार को अहमदाबाद कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने की। आरोपी यात्री गुजरात के जूनागढ़ जिले के मंगरोल का रहने वाला है और वह थाई एयरवेज की फ्लाइट टीजी-343 से बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचा था।

स्निफर डॉग की मदद से कस्टम को मिली सफलता

जांच के दौरान यात्री के चेक-इन सामान की तलाशी ली गई। इसी दौरान कस्टम के स्निफर डॉग ने बैग में नशीले पदार्थ की मौजूदगी का संकेत दिया। इसके बाद बैगेज टैग के आधार पर यात्री की पहचान कर उसे रोका गया। अधिकारियों ने जब उसके ट्रॉली बैग की गहन जांच की तो उसमें छिपाकर रखे गए चांदी रंग के पांच पॉलीथीन पैकेट मिले। इन पैकेटों में हरे रंग का पौधेनुमा पदार्थ भरा हुआ था। फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर यह हाइड्रोपोनिक गांजा निकला।

11 करोड़ रुपये बरामद गांजे की कीमत

कस्टम अधिकारी ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ का कुल शुद्ध वजन 10,911 ग्राम है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपए है। इस खेप को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया है। वहीं, आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप कहां से लाई गई, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।

अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां

आपको बता दें कि अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आने वाले यात्रियों के पास से हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़े जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले महीने भी कस्टम ने बैंकॉक से आए एक यात्री के बैग से 20 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया था। इसके अलावा एक अन्य यात्री के पास से करीब 6.5 किलोग्राम और एक अलग कार्रवाई में लगभग 4 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया था।

पिछले सप्ताह भी हुए दो आरोपी गिरफ्तार

गौरतलब है पिछले सप्ताह भी मुंबई कस्टम ने बैंकॉक से आए दो यात्रियों को गिरफ्तार किया था, जिनके सामान से 19 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ था। बता दें कि हाइड्रोपोनिक गांजा उस गांजे को कहा जाता है जिसे बिना मिट्टी के, केवल पानी और विशेष पोषक तत्वों के नियंत्रित घोल की मदद से कृत्रिम वातावरण में उगाया जाता है।

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सारी बड़ी खबरें

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया की नो एंट्री! फोटो-वीडियो पर भी लगा बैन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- राहुल गांधी पाकिस्तान के राष्ट्रपति जैसे

Tamil Nadu NEET Protest: विधानसभा के नए प्रस्ताव के बावजूद चेन्नई में NEET के खिलाफ प्रदर्शन जारी

JPSC-JSSC पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा, हेमंत सोरेन के साथ राहुल-तेजस्वी का भी फूंका पुतला