Vijay Deverakonda Upcoming Movie: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय देवरकोंडाके लिए साल 2025 कुछ खास नहीं रहा। उनकी बिग बजट फिल्म ‘किंगडम’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई और फ्लॉप साबित हुई। हालांकि, अब एक्टर ने नई ऊर्जा के साथ वापसी की तैयारी कर ली है। साल 2026 में विजय तीन बड़ी फिल्मों के जरिए सिनेमाघरों में धमाकेदार कमबैक करने वाले हैं।
हाल ही में विजय देवरकोंडा ने अपनी नई फिल्म ‘VDxShouryuv’ की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसमें उनका दमदार और अलग अंदाज देखने को मिला। पोस्टर में विजय कुछ कुत्तों के साथ आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं, जो फिल्म के इंटेंस टोन की झलक देता है। पोस्ट के साथ विजय ने लिखा कि वह इस भयानक और वाइल्ड इमेजिनेशन वाली फिल्म का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हैं।
विजय देवरकोंडा ने डायरेक्टर शौर्यव की तारीफ करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट विश्वस्तरीय टीम के साथ बनाया जा रहा है और वह इसमें अपना 100 प्रतिशत देने के लिए तैयार हैं। VDxShouryuv के अलावा विजय देवरकोंडा पहले से ही दो बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। उनकी फिल्म ‘रणबाली’ 11 सितंबर 2026 को रिलीज के लिए तैयार है। इस फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना नजर आएंगी। शादी के बाद यह दोनों की पहली ऑन-स्क्रीन जोड़ी होगी, जिसे लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 2026 उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित होगा या नहीं।
इसके अलावा विजय ‘रॉउडी जनार्दन’ नाम की फिल्म में भी नजर आएंगे, जो दिसंबर 2026 में रिलीज हो सकती है। यह फिल्म एक्शन और एंटरटेनमेंट से भरपूर मानी जा रही है। तीनों फिल्मों की घोषणा के बाद विजय देवरकोंडा के फैंस काफी उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने उन्हें “बॉस लुक” वाला स्टार बताया, तो कुछ ने उनके कमबैक को लेकर उम्मीद जताई है। लगातार तीन फिल्मों के साथ विजय देवरकोंडा एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं।