मुंबई: साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार वरुण तेज और लावण्या त्रिपाठी लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी के बंधन में बंध गए हैं। इटली में हुई इस शाही शादी में परिवार और करीबी दोस्तों के अलावा सितारों से सजी मेहमानों की लिस्ट में राम चरण और अल्लू अर्जुन भी शामिल थे। अब इस कपल की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
https://twitter.com/KChiruTweets/status/1719910465302864331
इटली में वरुण और लावण्या की शादी की कई इनसाइड तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं। वरुण तेज ने भी अपने इंस्टाग्राम पर 'माई लव' कैप्शन के साथ शादी की फोटो अपलोड कर दी है। कपल शादी के जोड़े में काफी खूबसूरत लग रहे हैं। वरुण की बारात से लेकर शादी तक सभी फोटोज सोशल मीडिया में देख सकते हैं। लावण्या लाल रंग की साड़ी में बहुत सुंदर लग रही हैं, वहीं वरुण भी क्रीम कलर की शेरवानी में जच रहे हैं।
अभिनेता चिरंजीवी के अलावा तेलुगु अभिनेता और निर्माता नागा बाबू कोनिडेला ने जोड़े की शादी की तस्वीर साझा की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। शादी समारोह की एक तस्वीर में एक्टर चिरंजीवी और पत्नी सुरेखा दूल्हे को करीब से पकड़े हुए नजर आ रहे हैं। एक्टर अल्लू अर्जुन सहित शादी में आए मेहमानों की तस्वीरें भी खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। इससे पहले इस कपल की हल्दी से लेकर मेहंदी सेरेमनी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
वरुण तेज दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी और पवन कल्याण के भतीजे हैं। अभिनेता राम चरण, अल्लू अर्जुन, अल्लू सिरीश, साई तेज और पांजा वैष्णव तेज सभी उनके चचेरे भाई हैं। टस्कनी में वरुण और लावण्या की शादी में सभी लोग शामिल हुए।