TV Actresses Spirituality: पूरे देश में जन्माष्टमी का त्योहार बड़े ही धूमधाम और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। हर तरफ मंदिरों और गलियों में कृष्ण की भक्ति का रंग देखने को मिल रहा है। इस मौके पर टीवी जगत से जुड़ी एक बेहद दिलचस्प बात सामने आई है। ग्लैमर, नाम और शोहरत की इस चकाचौंध भरी दुनिया में जहां हर कोई मुकाम पाने के लिए मेहनत करता है, वहीं कुछ ऐसी भी हसीनाएं हैं जिन्होंने इस चकाचौंध को हमेशा के लिए छोड़ दिया। छोटा पर्दा हो या बड़ा पर्दा सफल करियर बनाने के बाद इन एक्ट्रेसेस ने अध्यात्म का रास्ता चुना और पूरी तरह से भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में अपनी जिदंगी समर्पित कर दी।
टीवी सीरियल में अपनी अलग पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस एना जयसिंघानी का नाम इस लिस्ट में सबसे ऊपर आता है। 'देखा एक ख्वाब', 'सावधान इंडिया' और 'क्राइम पेट्रोल' जैसे पॉपुलर शोज में काम कर चुकीं एना अब पूरी तरह से भक्ति रस में डूब चुकी हैं। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर को पीछे छोड़कर वृंदावन में अपनी नई जिंदगी शुरू कर दी है। उनका मानना है कि प्रेमानंद महाराज के सपनों में आने के बाद उनकी जिंदगी की दिशा पूरी तरह बदल गई। अब वे सोशल मीडिया के जरिए भी अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा को शेयर करती हैं।
छोटे पर्दे के बेहद पॉपुलर शो 'अनुपमा' में नंदिनी का रोल निभाकर घर-घर में पॉपुलर हुईं एक्ट्रेस अनघा भोसले ने भी हर किसी को चौंका दिया था। साल 2022 में अपने करियर के बेहतरीन दौर में उन्होंने ए्टिंग की दुनिया से संन्यास लेने का फैसला किया था। उन्होंने इस बात का खुलासा किया था कि शोबिज के माहौल में रहते हुए उनका मानसिक संतुलन प्रभावित हो रहा था और वे अपनी आध्यात्मिक साधना को समय नहीं दे पा रही थीं।
केवल हिंदी टीवी जगत ही नहीं, बल्कि भोजपुरी सिनेमा की एक्ट्रेस ने भी इस आध्यात्मिक राह पर आगे बढ़ी हैं। भोजपुरी फिल्मों में अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस प्रियंका पंडित का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। ग्लैमरस लाइफस्टाइल और फिल्मों से दूरी बनाकर अब वे भी वृंदावन में बस चुकी हैं। भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराधा रानी के प्रति श्रद्धा उनकी हाल ही की तस्वीरों में साफ झलकती है।
इन एक्ट्रेसेस के इस अप्रत्याशित कदम ने यह साबित कर दिया है कि जीवन में शांति का साधन केवल धन और फेमस होना नहीं है। ग्लैमरस दुनिया के तनाव और भागदौड़ से दूर होकर इन अभिनेत्रियों ने भक्ति के मार्ग को सबसे ऊपर माना। आज ये सभी हसीनाएं बिना किसी लाइमलाइट की चाहत के साधारण और निष्काम भाव से ईश्वर सेवा में जुटी हुई हैं।