The Revolutionaries Release Date: भारत के स्वतंत्रता संग्राम के उन सुनहरे पन्नों को एक बार फिर ओटीटी के जरिए जीवित करने की तैयारी हो चुकी है, जिन्हें इतिहास की किताबों में अक्सर कम जगह मिली। प्राइम वीडियो ने अपनी नई और भव्य पीरियड ड्रामा सीरीज 'द रिवोल्यूशनरीज' के ग्लोबल प्रीमियर की आधिकारिक तारीख का ऐलान कर दिया है। 11 सितंबर 2026 को यह वेब सीरीज दुनिया भर के 240 से अधिक देशों में एक साथ स्ट्रीमिंग की जाएगी। जाने-माने निर्देशक निखिल आडवाणी के निर्देशन में बनी यह सीरीज दर्शकों को ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़े गए एक ऐसे सशस्त्र आंदोलन की ओर ले जाएगी, जो देशभक्ति और जुनून से भरा हुआ है।
यह नई सीरीज फेमस लेखक संजीव सान्याल की पॉपुलर किताब 'रिवोल्यूशनरीज: द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रीडम' पर आधारित है। 1857 के गदर के बाद देश में जन्मे चार युवा नायकों ने किस तरह अपनी जान की बाजी लगाकर अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी, यह शो उसी के इर्द-गिर्द घूमता है।
इस कहानी को पटकथा का रूप देने के लिए संयुक्ता चावला शेख, अक्षिता वधवाना, शोभित नारंग और रुत्वी मेहता ने दिन-रात मेहनत की है। यह सीरीज सिर्फ युद्ध की बात नहीं करती, बल्कि उसमें पिरोई गई दोस्ती, त्याग, विश्वासघात और अटूट देशप्रेम के मानवीय पहलुओं को भी सामने लाती है।
इस सीरीज में युवा पीढ़ी के कई पॉपुलर कलाकार एक साथ नजर आने वाले हैं। डिजिटल दुनिया के जाने-माने नाम भुवन बाम इसमें रास बिहारी बोस की ऐतिहासिक भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ रोहित सराफ सचिंद्र नाथ सान्याल के किरदार में दिखेंगे, जबकि प्रतिभा रांटा प्रतिभा लाहिड़ी और गुरफतेह पीरजादा बाघा जतिन के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ेंगे।
इनके अलावा जेसन शाह, पाओली दाम और टोटा रॉय चौधरी जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस सीरीज को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और बंगाली में भी डब किया गया है।
प्राइम वीडियो इंडिया और एम्मे एंटरटेनमेंट की ओर से आए बयानों में इस बात का साफ जिक्र है कि यह परियोजना उनके लिए सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि एक भावनात्मक प्रयास है। निर्देशक निखिल आडवाणी का कहना है कि गुमनाम नायकों की बहादुरी को बड़े पैमाने पर सिनेमाई पर्दे पर लाना उनके करियर की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक रहा है। वहीं प्राइम वीडियो ने उम्मीद जताई है कि भुवन बाम और रोहित सराफ की यह जुगलबंदी देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के दर्शकों के दिलों को छूने में कामयाब रहेगी।