Highlights
स्वरा भास्कर ने साल 2011 में फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए उत्पीड़न के अनुभव को शेयर किया।
मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में 56 दिनों के शूटिंग शेड्यूल के दौरान डायरेक्टर ने उन्हें परेशान किया था।
उस समय 20-22 साल की स्वरा को काम खोने का डर था, इसलिए उन्होंने फिल्म नहीं छोड़ी।
Swara Bhasker Harassment Story: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। इस बार उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक ऐसा अनुभव शेयर किया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। एक्ट्रेस ने करीब 15 साल पहले फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए उत्पीड़न के बारे में खुलकर बात की है।
स्वरा भास्कर ने बताया कि उस वक्त वह काफी कम उम्र की थीं और इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही थीं। काम छिन जाने के डर से वह लंबे समय तक सब कुछ चुपचाप सहती रहीं। एक इंटरव्यू में स्वरा भास्कर ने बताया कि यह घटना साल 2011 की है। उस समय वह मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में एक फिल्म की आउटडोर शूटिंग कर रही थीं।
स्वरा भास्कर की उम्र महज 20 से 22 साल के बीच थी। शूटिंग के शुरुआती दिनों में ही फिल्म के डायरेक्टर ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया था। एक्ट्रेस ने बताया कि उस वक्त उन्हें समझ ही नहीं आया कि उनके साथ जो हो रहा है, वह कार्यस्थल पर होने वाला यौन उत्पीड़न है। उन्होंने कहा कि जब यह सब हो रहा था, तब मुझे पता ही नहीं था, मैंने इसे काम की जगह पर होने वाले यौन उत्पीड़न के रूप में पहचाना ही नहीं था, क्योंकि उस शख्स ने मुझे छुआ नहीं था।
स्वरा ने बताया कि फिल्म का शूटिंग शेड्यूल 56 दिनों का था। उस समय उनके पास न तो अपनी कोई टीम थी और न ही ऐसे लोग थे, जिनसे वह मदद मांग सकती थीं। वह अपना करियर बनाने में जुटी थीं और किसी भी कीमत पर वह प्रोजेक्ट छोड़ना नहीं चाहती थीं। उन्होंने कहा कि उनके भी अपने सपने थे और वह अपना काम नहीं खोना चाहती थीं। इस घटना को वह उत्पीड़न के तौर पर समझ ही नहीं पाई थीं। कई साल बाद जब MeToo मूवमेंट शुरू हुआ और उन्होंने दूसरी महिलाओं के अनुभव पढ़े, तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ भी गलत हुआ था।
स्वरा ने बताया कि बाद में उन्होंने हिम्मत जुटाकर फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर को पूरी बात बताई। उन्होंने तुरंत एक्ट्रेस का साथ दिया और शूटिंग के बाकी दिनों को उनके लिए सुरक्षित बनाने में मदद की। स्वरा ने उनके प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह उस समय उनके दोस्त बन गए थे और उन्होंने उनकी रक्षा की। आज वही शख्स उनके मैनेजर हैं।
इस अनुभव को शेयर करते हुए स्वरा ने युवा लड़कियों से कहा कि उन्हें गलत चीजों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि जरूरत पड़ने पर लोगों से बात करें, मदद मांगें और अपने लिए सहारा तलाशें।