

Highlights
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।
कोरियोग्राफर पियूष भगत ने गाने की शूटिंग के बिहाइंड द सीन फोटोज शेयर किए हैं।
तस्वीरों में पियूष भगत और शाजिया सामजी के साथ केपटाउन शेड्यूल की झलक देखने को मिली।
Shah Rukh Khan Song Tu Mil Jaye: शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के गाने ‘तू मिल जाए’ ने रिलीज होते ही म्यूजिक चार्ट्स और सोशल मीडिया पर अपनी जगह बना ली है। इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की रोमांटिक केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। अब गाने के कोरियोग्राफर पियूष भगत ने इसके बिहाइंड द सीन (BTS) फोटोज शेयर कर फैंस को शूटिंग से जुड़ी खास झलक दिखाई है।
‘किंग’ का गाना ‘तू मिल जाए’ इस महीने की शुरुआत में रिलीज हुआ था। इसके बाद से ही यह लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। गाने को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह कई म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर लोकप्रियता हासिल कर रहा है। औरमैक्स मीडिया की ‘औरमैक्स हार्टबीट टॉप 5 सॉन्ग्स’ लिस्ट में इस गाने ने नंबर वन पोजीशन हासिल की है। वहीं, जियोसावन पर भी यह टॉप पर बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी इसका क्रेज देखने को मिल रहा है।
गाने की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री भी है। गाने में दोनों का रोमांटिक अंदाज और कोरियोग्राफी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। इसके मूव्स को इस तरह तैयार किया गया है कि शाहरुख और दीपिका के बीच की केमिस्ट्री पर्दे पर खूबसूरती से नजर आए।
गाने के कोरियोग्राफर पियूष भगत ने सोशल मीडिया पर कोरियोग्राफर शाजिया सामजी के साथ केपटाउन शेड्यूल की कई बिहाइंड द सीन तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में शूटिंग के दौरान के कुछ खास पल देखने को मिलते हैं। तस्वीरों के साथ पियूष ने लिखा, 'हमने SRK को इस कार बूथ से शूट किया था। उनकी इस पोस्ट ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब दर्शक गाने के पीछे की मेहनत और शूटिंग से जुड़े इन पलों को देखकर काफी उत्साहित हैं।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। शाहरुख खान स्टारर यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। गाने को मिल रहे रिस्पॉन्स के बाद अब फैंस को फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।