Sunita Ahuja Reveals Govinda Affairs: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में अपने बेबाक अंदाज से सुर्खियां बटोर रही हैं। शो के प्रीमियर एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, शादीशुदा रिश्ते और गोविंदा से जुड़े कई पुराने विवादों पर खुलकर बात की। बातचीत के दौरान सुनीता ने यह भी स्वीकार किया कि गोविंदा के कई अफेयर रहे, लेकिन उन्होंने अपने रिश्ते को निभाने का फैसला किया।
'लॉक अप 2' में होस्ट फराह खान ने सुनीता आहूजा से जुड़ी कुछ पुरानी मीडिया हेडलाइंस पढ़कर सुनाईं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उस बयान की हुई, जिसमें सुनीता ने कहा था कि उन्हें गोविंदा जैसा बेटा चाहिए, लेकिन पति नहीं। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि शादी और प्यार में कई बार इंसान को बहुत कुछ सहना पड़ता है।
सुनीता ने कहा कि प्यार में आपको हर चीज बर्दाश्त करनी चाहिए। गोविंदा ने अपनी जिंदगी में कई अफेयर्स किए। फिल्म इंडस्ट्री में इस तरह की बातें आम होती हैं। लेकिन इतने साल मैंने चीची के साथ जो रिश्ता निभाया है, उसके बाद मुझे लगता है कि उनके जैसा बेटा होना चाहिए। उनके इस बयान ने शो में मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
इसके बाद शो के को-होस्ट रितेश देशमुख ने एक और पुरानी हेडलाइन पढ़ी, जिसमें लिखा था कि जब तक पति-पत्नी साथ हों तब तक अंखियों से गोली मारे, लेकिन जब कोई तीसरी पार्टी आ जाए तो घुटनों पर गोली मारे। इस पर भी सुनीता ने बिना झिझक अपनी बात रखी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि सुन रहे हो चीची घुटनों पर गोली तभी लगती है जब कोई लाइफ में आ जाती है। मैंने झूठ नहीं बोला था। मेरे बारे में कई तरह की अफवाहें फैलाई गईं।
सुनीता और गोविंदा की शादी साल 1987 में हुई थी। दोनों ने करीब दो साल तक अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया था। बाद में बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद उन्होंने अपने रिश्ते का खुलासा किया। इस कपल का एक बेटा यशवर्धन आहूजा भी है। तमाम उतार-चढ़ाव और अफवाहों के बावजूद दोनों का रिश्ता आज भी बॉलीवुड के सबसे चर्चित रिश्तों में गिना जाता है। अब सुनीता के इन नए खुलासों ने एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को चर्चा का विषय बना दिया है।