Highlights
रायपुर से मुंबई की उड़ान में सोनू निगम के लिए पैसेंजर्स ने गाने गुनगुनाए।
सोनू निगम ने प्लेन के केबिन में खड़े होकर अपने कई सुपरहिट सॉन्ग सुनाए।
सोनू ने मैं हूं ना और कल हो ना हो जैसे गाने गाकर फैंस का दिल जीता।
Sonu Nigam Singing Songs For Passengers: सफर के दौरान ज्यादातर लोग अपने काम या आराम में बिजी रहते हैं, लेकिन शुक्रवार को रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की उड़ान में तस्वीर बिल्कुल अलग थी।
इंडिगो विमान में मौजूद सिंगर सोनू निगम के लिए यात्रियों ने उनके फेमस सॉन्ग गुनगुनाना शुरू किया और देखते ही देखते पूरा केबिन एक छोटे म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा बन गया। फैंस की इस आत्मीयता ने सफर को यादगार बना दिया और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है।
रायपुर से मुंबई की इंडिगो फ्लाट में मौजूद इस खास पल को सोनू निगम ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। उन्होंने शेयर किया कि सीट बेल्ट का संकेत बंद होने के बाद भी यात्री अपनी जगह से नहीं हिले।
सबकी नजरें और उम्मीदें बस इस बात पर टिकी थीं कि सिंगर कब उनके बीच गाना शुरू करेंगे। वीडियो के साथ सोनू ने लिखा कि सीट बेल्ट का संकेत हटने के बाद भी यात्रियों का बैठे रहना साफ बताता है कि वे परफॉमेंस के समय का इंतजार कर रहे हैं।
पैसेंजर्स की रिक्वेस्ट को स्वीकार करते हुए सोनू निगम केबिन के अंदर ही खड़े हो गए। उन्होंने अपने फेमस सॉन्ग किसका है तुमको इंतजार, मैं हूं ना, तुझे लगे ना नजरिया और कल हो ना हो गाकर मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
इस अचानक मिले सरप्राइज से सिंगर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि ऐसा प्यार तो केवल सपनों में देखने को मिलता है और इसके लिए सभी का धन्यवाद किया।
यह घटना बताती है कि फैंस और स्टार्स के बीच का रिश्ता केवल स्टेज तक सीमित नहीं रहता। सोनू निगम लगभग 40 सालों से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं। हिंदी और कन्नड़ सहित कई भारतीय भाषाओं में उन्होंने शास्त्रीय, पॉप, गजल, भक्ति और फिल्मी गीतों के जरिए अलग मुकाम बनाया है।
अपने योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री, नेशनल फिल्म अवॉर्ड और फिल्मफेयर अवॉर्ड मिल चुके हैं, साथ ही उन्होंने एक्टिंग, म्यूजिक डायरेक्शन, डबिंग और टेलीविजन होस्टिंग में भी काम किया है।