धीमी शुरुआत के बाद जबरदस्त कमाई करने वाली फिल्में (सौ. डिजाइन फोटो)
7 अगस्त को रिलीज हुई हनुमान अंश ने सिर्फ 25 स्क्रीन के साथ शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की नेट कमाई हासिल की थी, जबकि पहले हफ्ते का कलेक्शन लगभग 1.08 करोड़ रुपये रहा। दूसरे हफ्ते में कमाई करीब 40 लाख रुपये तक सिमट गई। हालांकि, तीसरे हफ्ते से ही फिल्म की किस्मत बदल गई। तीसरे हफ्ते में लगभग 10.40 करोड़ और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपये की कमाई हुई। पांचवें हफ्ते के शुरुआती 3 दिनों में ही फिल्म ने 49 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए। 31वें दिन तक इसका नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपये पहुंच गया। फिल्म की सक्सेस में माउथ पब्लिसिटी की अहम भूमिका रही।साल 2022 में रिलीज हुई द कश्मीर फाइल्स ने पहले दिन करीब 3.55 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया तेजी से बढ़ी और फिल्म के शो व स्क्रीन लगातार बढ़ाए गए। फिल्म की कहानी कश्मीरी पंडितों के पलायन और 1990 के दशक में हुई हिंसा जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित थी। फिल्म को लेकर सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी काफी चर्चा हुई, जिसने इसकी पहुंच बढ़ाने में भूमिका निभाई। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी जैसे कलाकार नजर आए।
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी की कन्नड़ फिल्म कांतारा ने 30 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। भारत में इसकी शुरुआती कमाई करीब 1.95 करोड़ रुपये रही, लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहद शानदार रही। स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और दमदार क्लाइमेक्स की चर्चा ने फिल्म को तेजी से लोकप्रिय बनाया। हिंदी वर्जन ने करीब 1.5 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी, लेकिन चौथे वीकेंड में 4.5 करोड़ रुपये की एक दिन की कमाई तक पहुंच गया। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 400 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।विक्रांत मैसी और मेधा शंकर स्टारर 12वीं फेल ने 27 अक्टूबर 2023 को रिलीज के दिन करीब 1.10 करोड़ रुपये कमाए थे। आलोचकों और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद फिल्म की चर्चा सोशल मीडिया पर बढ़ी और सिनेमाघरों में इसके शो भी बढ़ाए गए। पहले हफ्ते में फिल्म ने करीब 13 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। विदु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी यह फिल्म आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की जिंदगी से प्रेरित थी। संघर्ष, असफलता और UPSC परीक्षा पास करने के जुनून की कहानी दर्शकों को काफी पसंद आई।2019 को रिलीज हुई फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक ने इन फिल्मों की तुलना में बेहतर शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले दिन करीब 8.20 करोड़ और पहले वीकेंड में 35.73 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद भी फिल्म की कमाई लगातार मजबूत बनी रही। विक्की कौशल स्टारर फिल्म 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित थी। एक्शन और देशभक्ति के साथ ‘हाउ इज द जोश?’ जैसे डायलॉग दर्शकों के बीच खासे लोकप्रिय हुए। फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई ने साबित किया कि बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का असली फैसला सिर्फ ओपनिंग डे नहीं, बल्कि दर्शकों की प्रतिक्रिया करती है।