Highlights
श्रद्धा कपूर अपनी अपकमिंग फिल्म 'ईठा' के प्रमोशन के लिए 28 नवंबर को पटना पहुंचीं।
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी श्रद्धा कपूर के साथ प्रमोशनल कार्यक्रम में शामिल हुईं।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी 'ईठा' 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Shraddha Kapoor Eetha Promotion In Patna: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'ईठा' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेत्री इसके प्रमोशन में जुट गई हैं। इसी सिलसिले में श्रद्धा कपूर 28 नवंबर को बिहार की राजधानी पटना पहुंचीं। इस बार उनके साथ भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी नजर आने वाली हैं। पटना में दोनों एक्ट्रेसेस फिल्म का प्रमोशन करने के साथ मीडिया से भी बातचीत करेंगी। वहीं, फिल्म के गाने 'मिर्च मसाला' में दोनों की जोड़ी पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुकी है।
फिल्म 'ईठा' के प्रमोशन के लिए पटना के रीजेंट थिएटर में 28 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई है। इस कार्यक्रम में श्रद्धा कपूर और अक्षरा सिंह शामिल होंगी। दोनों अभिनेत्रियां फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगी और मीडिया के सवालों का जवाब देंगी। श्रद्धा के पटना पहुंचने की खबर से उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, अक्षरा सिंह की मौजूदगी इस कार्यक्रम में भोजपुरी रंग भी जोड़ने वाली है।
'ईठा' अक्षरा सिंह के लिए भी बेहद खास फिल्म है। इसमें उन्हें श्रद्धा कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला है। फिल्म के म्यूजिकल ट्रेलर में अक्षरा पारंपरिक लुक में नजर आ रही हैं। गजरा, नथ, झुमके और भारी गहनों से सजे उनके देसी अवतार ने लोगों का ध्यान खींचा है। इसके अलावा दोनों अभिनेत्रियां फिल्म के गाने 'मिर्च मसाला' पर साथ में डांस करती दिखाई दे रही हैं।
श्रद्धा और अक्षरा के बीच अच्छी बॉन्डिंग भी देखने को मिल रही है। हाल ही में अक्षरा ने 'मिर्च मसाला' गाने पर एक रील शेयर की थी। इसे श्रद्धा कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर करते हुए लिखा कि अक्ष की अदाएं उफ। श्रद्धा की इस तारीफ से अक्षरा भी काफी खुश नजर आईं।
फिल्म 'ईठा' की कहानी महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। इसमें श्रद्धा कपूर विठाबाई का किरदार निभा रही हैं। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसमें श्रद्धा और अक्षरा के अलावा रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और नाना पाटेकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।