श्रील प्रभुपाद के जीवन पर बनेगी एनिमेटेड फिल्म 'शरणागति'
होम्बले फिल्म्स ने रिलीज किया फिल्म का टीजर
अगस्त 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
Srila Prabhupad Animated Film Release Date: नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया। इस फिल्म ने भक्तिमय फिल्मों के इतिहास को ही बदल दिया है।
हनुमान अंश की सक्सेस देखने के बाद केजीएफ, कांतारा और सालार जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस करने वाली कंपनी होमब्ले फिल्म ने एक नई फिल्म का ऐलान कर दिया है। अब ये कंपनी जगतगुरू श्रील प्रभुपाद के जीवन पर आधारित एनिमेशन फिल्म को बड़े पर्दे पर लेकर आने वाली है।
होम्बले फिल्म्स और ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स ने इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस यानी इस्कॉन के संस्थापक आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद के जीवन पर आधारित फिल्म शरणागति का टीजर रिलीज कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये एक एनिमिटेड फिल्म होगी। इस टीजर में श्रील प्रभुपाद के भारत से न्यू यॉर्क तक के सफर के बारे में बताया गया है।
मेकर्स के अनुसार, फिल्म को एआई मोशन कैप्चर टेक्नोलॉजी की मदद से तैयार किया जाएगा। इसका निर्माण ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स के बैनर तले हो रहा है, जबकि होम्बले फिल्म्स इसे दुनियाभर में रिलीज और प्रस्तुत करेगी। फिल्म अगस्त 2027 में श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा के अवसर पर वर्ल्डवाइड रिलीज होगी।
फिल्म शरणागति का डायरेक्शन गौरा शक्ति दास ने किया है। साथ ही उन्होंने इस फिल्म की कहानी भी लिखी है। इस फिल्म को राजेश सिंह और लोहित राव प्रोड्यूस करेगें। इसके अलावा एनिमेशन के विजुअल डायरेक्टर की जिम्मेदारी श्रीधर शिकारिपुरा संभाल रहे हैं।
आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद का जन्म 1 सितंबर 1896 को कोलकाता में हुआ था। उनका मूल नाम अभय चरण डे था। श्रील प्रभुपाद ने अपना पूरा जीवन हरिनाम को दुनिया भर में पहुंचाने के लिए समर्पित किया था। वे आध्यात्मिक गुरु श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर के शिष्य थे।
साल 1966 में श्रील प्रभुपाद ने अमेरिका में इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस यानी इस्कॉन की स्थापना की थी। इसके बाद उन्होंने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में श्रीकृष्ण भक्ति, भगवद्गीता और वैदिक विचारों का प्रचार किया।