मुंबई: पिता शाहरुख खान से अलग बेटे आर्यन खान ने अपनी पहचान बनाने का काम लगभग पूरा कर लिया है। आर्यन खान की डायरेक्टोरियल डेब्यू वेब सीरीज 'स्टारडम' नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। खुद शाहरुख खान ने इस बात का ऐलान सोशल मीडिया पर किया है। इस मौके पर शाहरुख खान ने बेटे आर्यन खान को नसीहत भी दी है। आइए जानते हैं शाहरुख खान ने बेटे के डेब्यू के बारे में क्या कुछ कहा है।
शाहरुख खान ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी साझा की है कि उनके बेटे आर्यन खान की डायरेक्टोरियल डेब्यू वेब सीरीज स्टारडम नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। इस जानकारी के साथ उन्होंने टेक्स्ट लिखी हुई एक तस्वीर साझा की है। जिसमें यह जानकारी दी गई है कि नेटफ्लिक्स और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने कोलैबोरेशन करके बॉलीवुड पर आधारित वेब सीरीज का निर्माण किया है, जो 2025 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
गौरी खान स्टारडम सीरीज की निर्माता हैं और आर्यन खान ने इसे डायरेक्ट किया है। कैप्शन के साथ शाहरुख खान ने जानकारी दी है, वह बेहद खास दिन होता है जब ऑडियंस के सामने कोई नई कहानी पेश की जाती है। आज रेड चिलीज के लिए और भी स्पेशल दिन है। इसी के साथ आर्यन खान अपनी नई वेब सीरीज के साथ ऑडियंस के बीच दस्तक देने को तैयार हैं।
शाहरुख खान ने इस नोट के साथ आर्यन खान को नसीहत भी दी है। उन्होंने कहा है बेबाकी, हलचल, ढेर सारी मस्ती और इमोशंस के साथ स्टोरी टेलिंग आ रही है। जाओ आर्यन लोगों का खूब मनोरंजन करो साथ ही जीवन में यह याद रखना, शो बिजनेस जैसा दूसरा कोई बिजनेस नहीं होता। शाहरुख खान ने इस पोस्ट में जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, उसे देखकर यह अंदाजा लगाना कठिन नहीं है कि बेटे की डायरेक्टोरियल डेब्यू के साथ वह बेहद खुश हैं। अब उन्हें यकीन हो गया है कि उनका बेटा बॉलीवुड में उनसे अलग पहचान बनाने के लिए तैयार है।
आर्यन खान की स्टारडम वेब सीरीज की कहानी क्या है, इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन इस वेब सीरीज में बड़ी संख्या में बॉलीवुड के कलाकार नजर आने वाले हैं। स्टारडम वेब सीरीज में शाहरुख खान, बॉबी देओल, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, करण जौहर और लक्ष्य अहम भूमिका में नजर आएंगे।