Highlights
शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के ट्रेलर की रिलीज डेट 14 दिसंबर बताई गई है।
फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण नजर आएंगी।
सुहाना खान पहली बार बड़े पर्दे पर अपने पिता शाहरुख के साथ दिखाई देंगी।
Shah Rukh Khan King Trailer Release Date: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान जल्द ही अपनी अगली फिल्म 'किंग' के साथ बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाले हैं। फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। खास बात यह है कि इसमें शाहरुख खान के साथ एक बार फिर दीपिका पादुकोण की जोड़ी देखने को मिलेगी। दोनों इससे पहले साल 2023 में फिल्म 'पठान' में साथ नजर आए थे। अब करीब तीन साल बाद उनकी जोड़ी पर्दे पर वापसी करने जा रही है। इस बीच फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के टीजर और फर्स्ट लुक के सामने आने के बाद से ही दर्शक इसके ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं। अब आईफा के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किए गए एक पोस्टर ने इस इंतजार को और बढ़ा दिया है। पोस्टर के मुताबिक, फिल्म का ट्रेलर रिलीज से 10 दिन पहले यानी 14 दिसंबर को जारी किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक फिल्म के मेकर्स की ओर से ट्रेलर की तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
शाहरुख खान के करियर के लिहाज से साल 2023 बेहद खास रहा था। लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बाद उन्होंने 'पठान' से शानदार वापसी की। इसके बाद उनकी फिल्म 'जवान' और 'डंकी' भी रिलीज हुईं। इन तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और शाहरुख की लोकप्रियता को एक बार फिर नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। अब तीन साल बाद अभिनेता 'किंग' के जरिए एक बार फिर एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही 'किंग' एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के अलावा सुहाना खान भी नजर आएंगी। खास बात यह है कि सुहाना पहली बार बड़े पर्दे पर अपने पिता शाहरुख के साथ दिखाई देंगी। फिल्म 24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि शाहरुख की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।