Highlights
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सरदार जी 3' ओटीटी पर रिलीज हो गई है।
फिल्म को 9 नवंबर को पंजाबी ओटीटी प्लेटफॉर्म चौपाल पर स्ट्रीम किया गया।
हानिया आमिर की कास्टिंग को लेकर फिल्म साल 2025 में विवादों में घिर गई थी।
Diljit Dosanjh Film Sardaar Ji 3 OTT Release: पंजाबी सिनेमा के सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सरदार जी 3' एक बार फिर चर्चा में आ गई है। साल 2025 में रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी इस फिल्म का भारतीय दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते फिल्म को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज नहीं किया जा सका था। हालांकि, अब दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। 'सरदार जी 3' ने ओटीटी पर दस्तक दे दी है। ऐसे में जो लोग बड़े पर्दे पर इस फिल्म को नहीं देख पाए थे, वे अब घर बैठे इसका लुत्फ उठा सकते हैं।
'सरदार जी 3' की डिजिटल रिलीज की जानकारी सोशल मीडिया पेज 'पाकिस्तानी सिनेमा' के जरिए सामने आई। पोस्ट के मुताबिक, फिल्म 9 नवंबर को पंजाबी ओटीटी प्लेटफॉर्म चौपाल पर प्रीमियर हो चुकी है। भारत में इसकी थिएट्रिकल रिलीज रद्द होने के एक साल से ज्यादा समय बाद फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हुई है। इस खबर के सामने आने के बाद भारत और पाकिस्तान के दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
दरअसल, साल 2025 में जब 'सरदार जी 3' का ट्रेलर रिलीज हुआ था, तब फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी को लेकर विवाद शुरू हो गया था। भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के कारण पाकिस्तानी कलाकारों की कास्टिंग का विरोध किया गया था। विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने भारत में फिल्म की रिलीज रद्द करने का फैसला लिया था। हालांकि, भारत के बाहर कई देशों में फिल्म रिलीज हुई थी और इसे ओवरसीज बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।
'सरदार जी 3' का निर्देशन अमर हुंदल ने किया है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ और हानिया आमिर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। इनके अलावा नीरू बाजवा, जैस्मिन बाजवा, मानव विज और गुलशन ग्रोवर भी अहम किरदारों में दिखाई दिए हैं। ऐसे में अगर आप दिलजीत दोसांझ की कॉमेडी और पंजाबी फिल्मों के शौकीन हैं, तो 'सरदार जी 3' अब चौपाल ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।