Highlights
फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से अभिनेता संजय दत्त भावुक हो गए।
संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर अपने दोस्त के लिए एक इमोशनल पोस्ट शेयर की।
अभिनेता ने बताया कि दोनों कुछ समय पहले 'कांटे 2' को लेकर बातचीत कर रहे थे।
Sanjay Dutt Emotional Post On Sanjay Gupta: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके अचानक चले जाने से परिवार, दोस्तों और फिल्मी सितारों को गहरा सदमा पहुंचा है। इस बीच अभिनेता संजय दत्त ने अपने करीबी दोस्त को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने न सिर्फ संजय गुप्ता के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया, बल्कि उनसे जुड़ा एक खास वादा भी किया है।
संजय दत्त ने कहा है कि वह अपने दोस्त के अधूरे सपने को पूरा करने के लिए 'कांटे 2' बनाएंगे। संजय दत्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संजय गुप्ता के निधन पर दुख जाहिर किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि उनके भाई जैसे दोस्त इस दुनिया में नहीं रहे। दोनों ने साथ में कई साल बिताए, ढेर सारी यादें बनाई और जिंदगी के कई उतार-चढ़ाव एक साथ देखे।
संजय दत्त ने अपने पोस्ट में लिखा, 'गुप्ट्स, मेरे भाई. मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम चले गए हो. हमने साथ में बहुत कुछ शेयर किया है, इतनी सारी यादें और दोस्ती के इतने सारे साल. तुम हमेशा मेरे लिए परिवार की तरह रहे हो।' उन्होंने आगे कहा कि वह अपने दोस्त को, उनके साथ हुई बातचीत और साथ बिताए पलों को हमेशा याद करेंगे।
संजय दत्त ने अपनी पोस्ट में एक खास खुलासा भी किया। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले ही दोनों के बीच फिल्म 'कांटे 2' को लेकर बातचीत हुई थी। यह फिल्म संजय गुप्ता का सपना थी और वह इसका दूसरा पार्ट बनाना चाहते थे। अब उनके निधन के बाद संजय दत्त ने इस सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है।
संजय दत्त ने भावुक होते हुए लिखा कि वह संजय गुप्ता की याद में 'कांटे 2' को उनका सपना बनाएंगे और इसे सच करने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि दोस्त के जाने के बाद जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी और वह उन्हें हमेशा प्यार करते रहेंगे। बता दें कि संजय गुप्ता और संजय दत्त ने 'कांटे' समेत कई फिल्मों में साथ काम किया था। दोनों की दोस्ती भी काफी पुरानी थी। ऐसे में संजय दत्त का यह वादा उनके दोस्त के प्रति प्यार और सम्मान को बयां करता है।