Highlights
सामंथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरू के घर 19 नवंबर 2026 को बेटे देव का जन्म हुआ।
डिलीवरी से पहले स्कैन में बच्चे के गले के आसपास गर्भनाल लिपटी हुई दिखाई दी थी।
परिवार ने करीब 25 से 30 मिनट तक सामंथा और बच्चे की सलामती के लिए प्रार्थना की।
Samantha Ruth Prabhu Normal Delivery: साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस हाल ही में मां बनी हैं। उन्होंने अपने पति और फिल्ममेकर राज निदिमोरू के साथ बेटे का स्वागत किया है। कपल ने अपने बेटे का नाम देव निदिमोरू रखा है।
हालांकि, बच्चे के जन्म से पहले सामंथा रुथ प्रभु की डिलीवरी के दौरान कुछ ऐसी परिस्थितियां बनी थीं, जिससे पूरा परिवार काफी परेशान हो गया था। डॉक्टरों ने उन्हें सी-सेक्शन के जरिए बच्चे को जन्म देने की सलाह भी दी थी। इस मुश्किल वक्त में परिवार के लोग करीब 25 से 30 मिनट तक प्रार्थना करते रहे। अब राज निदिमोरू की मौसी और मशहूर गायिका डॉ. शोभा राजू ने एक इंटरव्यू में डिलीवरी के दौरान का पूरा अनुभव साझा किया है।
सामंथा और राज निदिमोरू के घर 19 नवंबर 2026 को बेटे का जन्म हुआ। डॉ. शोभा राजू के मुताबिक, डिलीवरी से पहले हुए स्कैन में पता चला था कि बच्चे के गले के आसपास गर्भनाल लिपटी हुई है। इस खबर के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई थी। सभी को बच्चे की सुरक्षा की फिक्र होने लगी थी। हालांकि, बाद में डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हलचल सामान्य है। इससे परिवार को थोड़ी राहत मिली।
डॉ. शोभा राजू ने बताया कि एक दिन जब परिवार के लोग खाना खा रहे थे, तभी राज निदिमोरू का फोन आया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने सामंथा को सी-सेक्शन के जरिए डिलीवरी कराने की सलाह दी है। यह सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। सभी सामंथा और बच्चे की सलामती के लिए प्रार्थना करने लगे। इस दौरान परिवार ने करीब 25 से 30 मिनट तक लगातार प्रार्थना की। हर कोई अच्छी खबर का इंतजार कर रहा था।
राज ने फोन पर बताया कि सामंथा ने सी-सेक्शन के बजाय नॉर्मल डिलीवरी से बेटे को जन्म दिया है। यह सुनते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। डॉ. शोभा राजू के मुताबिक, सामंथा और उनका बेटा देव दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने इस पूरे अनुभव को भगवान का आशीर्वाद बताया।
बेटे के जन्म के बाद राज निदिमोरू की बहन शीतल ने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर, हाजी अली दरगाह और सेंट माइकल चर्च में जाकर प्रार्थना की। उन्होंने तीनों धार्मिक स्थलों पर देव के अच्छे भविष्य की कामना की। शीतल चाहती हैं कि बड़े होकर देव सभी धर्मों का सम्मान करे और हर किसी से प्रेम करे। वहीं, समांथा और राज के लिए भी परिवार ने उनके नए पैरेंटहुड की जर्नी को लेकर शुभकामनाएं दीं।