Highlights
सैफ अली खान ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर डेब्यू किया और तस्वीरें शेयर कीं।
सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान ने कमेंट कर पूछा कि क्या ये आप हैं, अब्बा?
सैफ अली खान ने इब्राहिम के बचपन की तस्वीर शेयर करके बेटे से मजेदार सवाल किया।
Saif Ali Khan Instagram Debut: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान इन दिनों अपने इंस्टाग्राम डेब्यू को लेकर चर्चा में हैं। अब तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने वाले सैफ ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट बनाया और कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं। अभिनेता के सोशल मीडिया पर आते ही फैंस के बीच उत्साह देखने को मिला। लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचा सैफ और उनके बेटे इब्राहिम अली खान के बीच हुआ मजेदार कमेंट एक्सचेंज ने। दोनों की इस बातचीत ने फैंस को खूब हंसाया।
सैफ अली खान ने इंस्टाग्राम पर अपने घर की लाइब्रेरी में ली गई कुछ तस्वीरें शेयर कीं। उनके सोशल मीडिया पर आते ही बेटे इब्राहिम अली खान ने कमेंट करते हुए मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या ये आप हैं, अब्बा? नहीं ना? इब्राहिम का यह कमेंट देखकर साफ था कि वह अपने पिता के सोशल मीडिया डेब्यू पर चुटकी ले रहे थे। हालांकि, सैफ भी जवाब देने में पीछे नहीं रहे। उन्होंने इब्राहिम के बचपन की एक पुरानी तस्वीर शेयर की, जो मई 2008 की बताई गई है।
पिता के सवाल पर इब्राहिम ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि मुझे तो ऐसा ही लगता है। इसके बाद सैफ ने लिखा कि एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है! हेलो बेटा। बाप-बेटे के बीच हुई इस हल्की-फुल्की बातचीत ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया। दोनों की मजाकिया बॉन्डिंग देखकर फैंस भी इस बातचीत को पसंद कर रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर आने के बाद सैफ अली खान के फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके अकाउंट पर 2.3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। खास बात यह है कि अभिनेता फिलहाल सिर्फ पांच लोगों को फॉलो कर रहे हैं। इनमें इब्राहिम अली खान, करीना कपूर खान, सोहा अली खान, सारा अली खान और करिश्मा कपूर शामिल हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान हाल ही में अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'हैवान' और क्राइम थ्रिलर 'कर्तव्य' में नजर आए। उनकी आने वाली फिल्मों में पीरियड ड्रामा 'हम हिंदुस्तानी' शामिल है। फिलहाल उनका इंस्टाग्राम डेब्यू और बेटे के साथ मजेदार बातचीत चर्चा में है।