'जेलर 2' ने दूसरे दिन भी मचाया धमाल, 86 करोड़ के पार पहुंची कमाई, 'नई नवेली' और 'प्रहार' का ऐसा रहा हाल

Jailer 2 Day 2 Collection: शुक्रवार के बॉक्स ऑफिस मुकाबले में रजनीकांत की जेलर 2 सबसे आगे रही। फिल्म ने दूसरे दिन रात 8:30 बजे तक 26.88 करोड़ रुपये कमाए और कुल नेट कलेक्शन 86.58 करोड़ रुपये पहुंच गया।
Friday Box Office Collection
जेलर 2, नई नवेली और प्रहार की कमाई (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • रजनीकांत की 'जेलर 2' का भारत में दो दिनों का कुल नेट कलेक्शन 86.58 करोड़ रुपये पहुंचा।

  • यामी गौतम की 'नई नवेली' ने पहले दिन 2.53 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

  • राजकुमार राव की 'प्रहार' ने रिलीज के पहले दिन 1.66 करोड़ रुपये कमाए।

Friday Box Office Collection: शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर तीन फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और पहले दिन शानदार कमाई करने में कामयाब रही। वहीं, शुक्रवार को यामी गौतम की 'नई नवेली' और राजकुमार राव की 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' ने बड़े पर्दे पर दस्तक दी। अब तीनों फिल्मों के शुरुआती कलेक्शन के आंकड़े सामने आए हैं।

रजनीकांत की 'जेलर 2' को रिलीज के पहले दिन दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। फिल्म ने भारत में पहले दिन 59.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई जारी है। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, 'जेलर 2' ने शुक्रवार रात 8:30 बजे तक 26.88 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में दो दिनों की कुल नेट कमाई 86.58 करोड़ रुपये हो गई है। दूसरे दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 41.8 प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि, ये शुरुआती आंकड़े हैं और इनमें बदलाव हो सकता है।

नई नवेली ने पहले दिन कितने कमाए

यामी गौतम की फिल्म 'नई नवेली' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता थी, लेकिन शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़े 'जेलर 2' के मुकाबले काफी कम हैं। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, 'नई नवेली' ने रिलीज के पहले दिन रात 8:30 बजे तक 2.53 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी 10 प्रतिशत रही। अब देखना होगा कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में कितना उछाल आता है।

Friday Box Office Collection
Oscar 2027: 33 फिल्मों को पछाड़कर ऑस्कर तक पहुंची 'गोंधळ', अब हिंदी समेत 5 भाषाओं में होगी रिलीज

प्रहार की ओपनिंग रही कैसी

राजकुमार राव की फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' भी 16 अक्टूबर को रिलीज हुई। यह बायोग्राफिकल कोर्टरूम ड्रामा है। सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रात 8:30 बजे तक 1.66 करोड़ रुपये कमाए। इसकी ऑक्यूपेंसी 11 प्रतिशत रही।

तीनों फिल्मों में कौन आगे

शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से रजनीकांत की 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर सबसे आगे है। वहीं, पहले दिन की कमाई में 'नई नवेली' ने 'प्रहार' को पीछे छोड़ा है। अब शनिवार और रविवार के कलेक्शन से साफ होगा कि नई रिलीज हुई फिल्मों को वीकेंड का कितना फायदा मिलता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com