Allu Arjun Raka Movie Create World Record: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बेहद गर्व का पल सामने आया है, जब तकनीक और रचनात्मकता के मेल ने वैश्विक स्तर पर नया रिकॉर्ड बनाया है। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली की फिल्म 'राका' ने विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म ने एक ही समय में सबसे ज्यादा लोगों का रियल-टाइम मोशन-कैप्चर करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस सफलता के बाद न केवल फिल्म से जुड़े लोग बेहद खुश हैं, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय सिनेमाई इंडस्ट्री में गर्व से ऊंचा हुआ है।
इस तकनीकी रिकॉर्ड की सबसे खास बात इसमें भाग लेने वाले कलाकारों का अनूठा ग्रुप रहा। फिल्म के इस विशेष मोशन-कैप्चर कोशिश में 4 साल के बच्चे से लेकर 70 साल तक के बूढ़े कलाकारों को एक साथ शामिल किया गया था। कुल 37 कलाकारों के शारीरिक हाव-भाव और एक्टिंग को एक साथ एक ही फ्रेम में रिकॉर्ड करना बेहद चुनौतीपूर्ण काम था।
इस मुश्किल प्रक्रिया को इस साल फरवरी में अंजाम दिया गया था, जिसे हाल ही में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स संस्था ने आधिकारिक तौर पर प्रमाणित किया है। एक विशेष प्रोग्राम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने अल्लू अर्जुन और एटली को इसका सर्टिफिकेट सौंपा।
इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को बनाने के पीछे फिल्म की टेक्निकल टीम का महीनों का कड़ी मेहनत शामिल है। इतने बड़े पैमाने पर मोशन-कैप्चर करने के लिए एक पूरी तरह से नई और एडवांस पाइपलाइन तैयार की गई थी। इस रिकॉर्ड अटेम्प्ट के दौरान सेट पर 92 बेहद खास ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों का एक साथ उपयोग हुआ।
इसके साथ ही रियल-टाइम विजुअलाइजेशन, फेसियल कैप्चर और एडवांस नेटवर्किंग सिस्टम का बेहतरीन तालमेल बिठाया गया, जिससे 37 लोगों के मोशन को बिना किसी तकनीकी खराबी के सही तरीके के साथ डिजिटल स्क्रीन पर उकेरा जा सका।
विश्व रिकॉर्ड हासिल करने के बाद फिल्म राका की मुख्य टीम ने इसे अपने करियर का बेहद भावुक और खास पल बताया है। एक्टर अल्लू अर्जुन ने कहा कि यह उपलब्धि सिनेमाई सीमाओं को आगे बढ़ाने और भारतीय सिनेमा को ग्लोबल मंच पर एक नया मुकाम देने जैसी है।
वहीं फिल्म डायरेक्टर एटली ने अपने बचपन की यादों को शेयर करते हुए कहा कि वे हमेशा से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की कहानियां सुनकर बड़े हुए हैं, लेकिन अपनी ही फिल्म के जरिए इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा है।