Highlights
बेंती में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा में पहुंचे भोजपुरी पावरस्टार पवन सिंह।
पवन सिंह ने स्टेज से भजन गाकर श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया।
कुंडा विधायक राजा भैया खुद पवन सिंह को स्टेज तक लेकर गए और उनका परिचय कराया।
पवन सिंह ने राजा भैया के आशीर्वाद को रामकथा में शामिल होने की वजह बताया।
Pawan Singh Raja Bhaiya Viral Photo: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के बेंती में चल रही श्रीराम कथा के दौरान भक्ति और उत्साह का अनोखा मेल देखने को मिला। बागेश्वर धाम वाले कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस राम कथा में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर सिंगर और एक्टर पवन सिंह मौजूद रहे।
उनके पहुंचते ही पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं का जोश बढ़ गया। मंच से पवन सिंह के भजनों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया और उन्होंने राजा भैया के प्रति अपना आभार भी जताया।
कुंडा के बेंती में हो रही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में इन दिनों कई जाने-माने स्टार पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में पवन सिंह भी कथा स्थल पर पहुंचे। उनके आते ही मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया और जय श्रीराम के नारे गूंजने लगे। पवन सिंह ने माइक संभाला और भक्ति गीत गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। धार्मिक आयोजन के बीच उनके गानों ने श्रद्धालुओं को और ज्यादा जोड़ने का काम किया।
इस राम कथा से जुड़ी एक खास बात यह रही कि पवन सिंह को स्टेज तक खुद कुंडा से विधायक राजा भैया लेकर गए। उन्होंने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से पवन सिंह काी जान-पहचान करवाई और उन्हें भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का फेमस स्टार बताया।
इस दौरान दोनों के बीच की सहजता और आयोजन की भव्यता ने लोगों का ध्यान खींचा। कथा के स्टेज पर एक साथ इन चेहरों की मौजूदगी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का मुद्दा बना हुआ है।
राम कथा में शामिल होने के अनुभव को शेयर करते हुए भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने कहा कि राजा भैया के आशीर्वाद से ही उन्हें इस पवित्र आयोजन का हिस्सा बनने का मौका मिला है। उन्होंने इस पल को अपने लिए सौभाग्य की बात बताया।
कार्यक्रम के बाद पवन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम खाते पर धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं और पोस्ट में लिखा कि प्रेम से बोलिए बाबा बागेश्वर धाम सरकार की जय। इसके साथ ही उन्होंने राजा भैया के साथ वाली तस्वीर भी पोस्ट की, जिस पर फैंस के रिएक्शन लगातार आ रहे हैं।