

Highlights:
शाहरुख खान के बाद अब बेटे आर्यन खान टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया के कवर पेज पर दिखाई देंगे।
आर्यन खान को यह पहचान अपनी पहली डायरेक्टिड सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के लिए मिल रही है।
शाहरुख खान को वैराइटी की 100 महानतम फिल्मी सितारों की सूची में 92वां स्थान मिला है।
टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया के कवर पर आर्यन के साथ पायल कपाडिया और थेजा रियो भी दिखाई देंगे।
Aryan Khan Time 100 Next India Magazine: शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया के कवर पेज पर स्थान मिलने जा रहा है। यह उपलब्धि उन्हें द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के डायरेक्शन के लिए मिल रही है।
दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ आर्यन अपने डायरेक्शन को लेकर पहचान मजबूत कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके पिता शाहरुख खान को 100 ग्रेटेस्ट सुपरस्टार्स की लिस्ट में शामिल किया गया है। पिता और पुत्र दोनों का अपने-अपने क्षेत्रों में यह सम्मान फैंस के लिए किसी बड़े जश्न से कम नहीं है।
टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया उन हस्तियों को चुनता है, जिन्होंने समाज के सामने कोई नया नजरिया पेश किया हो। आर्यन खान ने द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के जरिए फिल्म मेकिंग के एक ताजा पहलू को सामने रखा है। उन्होंने युवा दर्शकों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए इस प्रोजेक्ट को बनाया है। डायरेक्टर के रूप में उनकी इस सोच और प्रजेंटेशन ने ही उन्हें इस टाइम 100 नेक्स इंडिया के कवर तक पहुंचाया है।
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के साथ टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया के कवर पेज पर अन्य फेमस टैलेंट भी दिखाई देंगे। इनमें पायल कपाडिया का नाम शामिल है, जो अपनी फिल्म ऑल वी इमेजिन एज़ लाइट के लिए पहचानी जाती हैं।
उन्होंने साल 2024 में अपनी पहली फिक्शन फीचर फिल्म के लिए 77वें कान फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड प्रिक्स जीता था। इसके अलावा थेजा रियो भी इस कवर का हिस्सा हैं, जिनकी पहली फीचर फिल्म अंग को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहचान मिली थी।
जहां आर्यन खान को डायरेक्शन के लिए तारीफ मिल रही है, वहीं शाहरुख खान का नाम वैराइटी द्वारा जारी ऑल टाइम 100 ग्रेटेस्ट सुपरस्टार्स की लिस्ट में दर्ज किया गया है। इस लिस्ट में वे मर्लिन मुनरो, चार्ली चैपलिन, जैक निकोलसन, कैथरीन हेपबर्न और टॉम क्रूज जैसे दिग्गजों के साथ नजर आते हैं। शाहरुख को इस लिस्ट में 92वां स्थान मिला है। टॉप 5 में मर्लिन मुनरो पहले, हम्फ्री बोगार्ट दूसरे, चार्ली चैपलिन तीसरे, जैक निकोलसन चौथे और कैथरीन हेपबर्न 5वें स्थान पर हैं।
आर्यन खान के डायरेक्शन में बना पहला प्रोजेक्ट द बैड्स ऑफ बॉलीवुड का प्रीमियर सितंबर 2025 में नेटफ्लिक्स पर हुआ था। 7 एपिसोड की इस सीरीज में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को व्यंग्यात्मक अंदाज में दिखाया गया है।
इसमें इंडस्ट्री की प्रतिद्वंद्विता, सेलिब्रिटी कल्चर और स्टार्स के बर्ताव जैसे पहलुओं को उभारा गया है। अब इस सीरीज के जरिए मिली पहचान और टाइम मैगजीन के कवर के साथ आर्यन के सफर का एक नया चैप्टर खुलता दिख रहा है।