Pawan Kalyan Flim Hari Hara Veera Mallu: साउथ के जाने-माने एक्टर पवन कल्याण अक्सर अपनी धमाकेदार फिल्मों को लेकर सुर्खियों में छाए रहते हैं। वहीं हाल ही में उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'हरि हरा वीरा मल्लू: पार्ट 1' सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जो खूब धमाल मचा रही है।
लेकिन जब यह फिल्म यूके के एक सिनेमाघर में दिखाई जा रही थी तो वहां हंगामा मच गया, जिसकी वजह से फिल्म की स्क्रीनिंग बीच में ही रोक दी गई। ऐसे में अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये वायरल वीडियो ब्रिटेन के एक थिएटर का है। बताया जा रहा है कि पवन कल्याण की एंट्री सीन पर फैंस ने कंफेटी (कागज के टुकड़े) फेंकने शुरू कर दिए, जिससे थिएटर का माहौल अशांत हो गया। इस हरकत के चलते थिएटर स्टाफ को फिल्म को बीच में ही रोकना पड़ा और दर्शकों को सख्त हिदायत दी गई।
एक यूजर ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया, “यूके में स्क्रीनिंग के दौरान फैन्स ने इतना हंगामा किया कि कर्मचारियों को फिल्म रोकनी पड़ी और ऑडियंस को फटकार लगाई गई।”
इस वायरल वीडियो में थिएटर स्टाफ को दर्शकों से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है, वहीं सोशल मीडिया पर यूजर्स इस हरकत की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये शर्मनाक है, भारतीयों को विदेश में शालीनता बरतनी चाहिए।” दूसरे यूजर ने कहा, “ऐसे लोगों को थिएटर से बाहर निकाल देना चाहिए था।”
आपको बता दें कि इस फिल्म को बनाने में पांच साल लगे हैं और पवन कल्याण ने इसके लिए खासतौर पर मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली है। उन्होंने निर्माता एएम रत्नम की प्रशंसा करते हुए फिल्म को ‘डेडिकेशन और ड्रीम प्रोजेक्ट’ बताया था। खास बात ये भी है कि फिल्म में एक्टर और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण नजर आए हैं और उनकी फैन फॉलोइंग दुनियाभर में हैं।
इसके अलावा 'हरि हरा वीरा मल्लू: पार्ट 1' का डायरेक्शन कृष जगर्लामुडी ने किया है और इसमें पवन कल्याण के अलावा बॉबी देओल, निधि अग्रवाल, नरगिस फाखरी और नोरा फतेही जैसे सेलेब्स दिखाई दिए हैं। साथ ही इस फिल्म का म्यूजिक ऑस्कर विनर एमएम कीरावनी ने दिया है और यह फिल्म 24 जुलाई को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है।