Highlights
प्राइम वीडियो ने ऐलान किया है कि 'पंचायत 5' साल 2026 में रिलीज नहीं होगी।
15 नवंबर को मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फैंस को यह जानकारी दी।
पोस्ट में बनराकस हाथ जोड़कर नजर आए और कैप्शन में लिखा था, 'पंचायत का अगला सीजन कैद है।'
Panchayat Season 5 Postponed: ओटीटी की दुनिया में कुछ वेब सीरीज ऐसी हैं, जिनका हर सीजन दर्शकों के बीच खूब पसंद किया जाता है। प्राइम वीडियो की पॉपुलर सीरीज 'पंचायत' भी इसी लिस्ट में शामिल है। फुलेरा गांव की कहानी और वहां के किरदारों ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अब तक इस सीरीज के चार सीजन रिलीज हो चुके हैं और फैंस बेसब्री से पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा था कि मेकर्स 2026 में नया सीजन लेकर आएंगे, लेकिन अब दर्शकों के लिए निराश करने वाली खबर सामने आई है। 'पंचायत 5' इस साल रिलीज नहीं होगी।
15 नवंबर को प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें शेयर करते हुए 'पंचायत 5' को लेकर अपडेट दिया। पहली तस्वीर पर साफ लिखा था, 'पंचायत सीजन 5 इस साल नहीं आएगा।' वहीं, दूसरी तस्वीर में सीरीज का चर्चित किरदार बनराकस हाथ जोड़कर नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ प्राइम वीडियो ने कैप्शन में लिखा, 'बताते हुए खेद, पंचायत का अगला सीजन कैद है।' इस पोस्ट के सामने आते ही उन दर्शकों को झटका लगा है, जो इस साल फुलेरा गांव की कहानी को आगे बढ़ते देखना चाहते थे।
'पंचायत' के चौथे सीजन का अंत काफी दिलचस्प मोड़ पर हुआ था। फुलेरा गांव के उप प्रधान प्रह्लाद पांडेय के बाद अब चुनावी राजनीति में नया मोड़ आने वाला है। फैसल मलिक का किरदार विधायक का चुनाव लड़ने की तैयारी में है, वहीं बनराकस की पत्नी गांव की नई प्रधान बन चुकी हैं। ऐसे में दर्शक जानना चाहते हैं कि सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी की जिंदगी आगे किस दिशा में जाएगी और फुलेरा की राजनीति में क्या नया देखने को मिलेगा। सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, संविका, फैसल मलिक, चंदन रॉय और दुर्गेश कुमार जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
'पंचायत' की शुरुआत साल 2020 में हुई थी। इसके बाद दूसरा सीजन 2022, तीसरा सीजन 2024 और चौथा सीजन 2025 में रिलीज हुआ। अब पांचवें सीजन को 2026 से आगे बढ़ा दिया गया है। हालांकि, प्राइम वीडियो ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि 'पंचायत 5' किस तारीख या साल में रिलीज होगी। ऐसे में फैंस को फुलेरा गांव की अगली कहानी देखने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।