Mohammed Rafi Ganpati Bhajan: भारतीय संगीत जगत में मोहम्मद रफी का नाम उन महान गायकों में शुमार है, जिनकी आवाज का जादू दशकों बाद भी कायम है। रोमांटिक गानों से लेकर देशभक्ति गीतों और भजनों तक, रफी साहब ने अपनी आवाज से हर तरह के संगीत को खास बना दिया। उनका एक ऐसा ही गणपति भजन आज भी गणेश उत्सव के दौरान खूब सुनाई देता है। खास बात यह है कि इस गाने को रिकॉर्ड करते समय रफी साहब तेज बुखार से जूझ रहे थे, फिर भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने से इनकार कर दिया।
यह किस्सा साल 1981 में रिलीज हुई फिल्म 'हम से बढ़कर कौन' के मशहूर भजन 'देवा हो देवा गणपति देवा, तुमसे बढ़कर कौन' से जुड़ा है। बताया जाता है कि गाने की रिकॉर्डिंग के समय मोहम्मद रफी की तबीयत ठीक नहीं थी और उन्हें तेज बुखार था। इसके बावजूद उन्होंने अपना कमिटमेंट निभाया और गाने की रिकॉर्डिंग पूरी की। रफी साहब की आवाज में रिकॉर्ड हुआ यह भजन देखते ही देखते लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया। आज करीब 45 साल बाद भी गणेश उत्सव के दौरान यह गाना पंडालों, गलियों और सार्वजनिक समारोहों में सुनाई देता है।
'देवा हो देवा गणपति देवा' को सिर्फ मोहम्मद रफी ने ही नहीं गाया था। इस गाने में आशा भोसले, भूपिंदर सिंह, शैलेंद्र सिंह और अपन चक्रवर्ती ने भी अपनी आवाज दी थी। गाने को फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, डैनी डेन्जोंगप्पा, रंजीत और अमजद खान पर फिल्माया गया था। गाने की खास धुन, जोशीले बोल और गणपति बप्पा की भक्ति से भरपूर अंदाज ने इसे गणेश उत्सव के सबसे लोकप्रिय गीतों में शामिल कर दिया। आज भी गणपति पंडालों में इस गाने पर लोग जमकर झूमते नजर आते हैं।
'हम से बढ़कर कौन' साल 1981 में रिलीज हुई एक एक्शन-एडवेंचर फिल्म थी, जिसका निर्देशन दीपक बाहरी ने किया था। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, विजयेंद्र घाटगे, रंजीता, अमजद खान, डैनी डेन्जोंगपा, काजल किरण और रंजीत जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म भले ही कई दशक पुरानी हो चुकी है, लेकिन इसका 'देवा हो देवा गणपति देवा' भजन आज भी अपनी लोकप्रियता बरकरार रखे हुए है। यही वजह है कि गणेश उत्सव आते ही यह सदाबहार भजन एक बार फिर हर तरफ सुनाई देने लगता है।