Nikita Porwal Miss World 2026 Finale: दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट मिस वर्ल्ड 2026 की समाप्ति आज वियतनाम में होने जा रही है। इस ऐतिहासिक महामुकाबले में पूरी दुनिया से आई खूबसूरत और प्रतिभाशाली सुंदरियां भाग ले रही हैं। भारत की ओर से उज्जैन की रहने वाली निकिता पोरवाल देश का झंडा लहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पिछले कई हफ्तों से चल रही कड़ी टक्कर के बाद अब वह लम्हा आ गया है जब दुनिया को नई मिस वर्ल्ड मिलने जा रही है। इस ग्रैंड फिनाले को लेकर पूरी दुनिया बेसब्री से इंतजार कर रही है। जिसे सभी दर्शक शाम 5:30 बजे से जियो हॉटस्टार लाइव पर देख पाएंगे।
इस बार का ग्रैंड फिनाले कई मायनों में बेहद खास माना जा रहा है। मिस वर्ल्ड 2025 की विनर थाईलैंड की सुचता चुआंगसरी स्टेज पर नई मिस वर्ल्ड को प्रतिष्ठित ताज पहनाएंगी। 111 से भी ज्यादा देशों की प्रतियोगियों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प बना हुआ है। इस कॉम्पिटिशन में भारत की दावेदारी बेहद मजबूत मानी जा रही है। मानुषी छिल्लर के साल 2017 में मिस वर्ल्ड का ताज जीतने के बाद अब एक बार फिर निकिता पोरवाल से देश को वही इतिहास को दोबारा रचने की उम्मीदें हैं।
मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली निकिता पोरवाल की कहानी बेहद प्रेरणादायक और चुनौतियों से भरी रही है। फेमिना मिस इंडिया 2024 का ताज अपने नाम करने वाली निकिता ने अपने करियर की शुरुआत एक टीवी एंकर और थिएटर आर्टिस्ट के रूप में की थी। कला और एक्टिंग की गहरी समझ रखने वाली निकिता ने कई नाटकों में एक्टिंग कर चुकी हैं और वे कई कहानियां भी लिख चुकी हैं। उनकी इस बहुमुखी प्रतिभा और सादगी ने ग्लोबल मंच पर भी जजों का दिल जीत लिया है।
मिस वर्ल्ड कॉम्पिटिशन के दौरान निकिता पोरवाल ने अपने शानदार भारतीय सांस्कृतिक पहनावे और अंदाज से सभी का दिल जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने अपने 'ब्यूटी विद ए पर्पस' प्रोजेक्ट 'माटी' के जरिए सोशल डवल्पमेंट की दिशा में किए गए कामों को भी मजबूती से पेश किया।
निकिता पोरवाल ने प्रियंका चोपड़ा और ऐश्वर्या राय को अपनी प्रेरणा मानते हुए कहा कि आधुनिक होने के साथ-साथ अपनी जड़ों से जुड़ा रहना ही असली पहचान है। हालांकि देशभर की निगाहें शाम को शुरू होने वाले फिनाले पर टिकी हुई हैं।