Mirzapur The Movie New Posters Out: ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद अब इस चर्चित सीरीज की कहानी बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। ट्रेलर रिलीज से पहले मेकर्स ने फिल्म के चार नए और दमदार कैरेक्टर पोस्टर्स जारी किए हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
इन पोस्टर्स में फ्रेंचाइजी के सबसे लोकप्रिय किरदार कालीन भैया, मुन्ना भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित नजर आ रहे हैं। पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल और जितेंद्र कुमार अपने-अपने चर्चित किरदारों में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर्स सामने आने के बाद फैंस एक बार फिर ‘मिर्जापुर’ की उसी दुनिया में लौटने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं, जहां सत्ता, बदला, हिंसा और रिश्तों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिलता है।
मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट भी कंफर्म कर दी है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 11 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर लॉन्च से पहले जारी किए गए पोस्टर्स ने फिल्म के प्रति माहौल और भी ज्यादा बना दिया है। अब फैंस की नजर इस बात पर है कि फिल्म की कहानी किस मोड़ से आगे बढ़ेगी और पुराने किरदारों के बीच किस तरह का टकराव देखने को मिलेगा।
फिल्म में गुड्डू पंडित, मुन्ना भैया और कालीन भैया जैसे किरदारों की वापसी सबसे बड़ा आकर्षण मानी जा रही है। इनके अलावा फिल्म में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्वेता त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर समेत कई कलाकार नजर आएंगे। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ खास इसलिए भी है क्योंकि यह पहली बार है जब इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की दुनिया बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा ने किया है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं। फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज किया जाएगा। अब 11 अगस्त को ट्रेलर सामने आने के बाद ही पता चलेगा कि फिल्म की कहानी और किरदार दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं।