Highlights
डायरेक्टर अनुभव सिन्हा ने अपनी शादी के बाद हुई पार्टी का पुराना किस्सा शेयर किया।
पार्टी में मनोज बाजपेयी और तिग्मांशु धूलिया के बीच किसी बात पर बहस हो गई थी।
अनुभव सिन्हा के अनुसार मनोज बाजपेयी ने गुस्से में सड़क से ईंट उठा ली थी।
मनोज बाजपेयी को ईंट लेकर पीछे आता देख तिग्मांशु धूलिया वहां से भागने लगे थे।
Manoj Bajpayee Tigmanshu Dhulia Fight: बॉलीवुड स्टार्स की दोस्ती और उनके पुराने किस्से अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा एक्टर मनोज बाजपेयी और फिल्ममेकर तिग्मांशु धूलिया से जुड़ा है।
डायरेक्टर अनुभव सिन्हा ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अपनी शादी के बाद हुई पार्टी का ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह जाएगा। उन्होंने बताया कि उस पार्टी में नशे में मनोज बाजपेयी हाथ में ईंट लेकर तिग्मांशु धूलिया के पीछे दौड़ पड़े थे।
एक इंटरव्यू के दौरान अनुभव सिन्हा ने पुराना किस्सा शेयर करते हुए बताया कि यह घटना उनकी शादी के बाद की है। बांद्रा में शादी के प्रोग्राम के बाद छत पर एक पार्टी रखी गई थी। इसमें मनोज बाजपेयी, तिग्मांशु धूलिया और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग मौजूद थे।
उस समय ये सभी स्टार अपने करियर के शुरुआती दौर में थे और एक-दूसरे के काफी करीब थे। पार्टी में सभी लोग मस्ती कर रहे थे, लेकिन शाम बढ़ने के साथ माहौल बदलने लगा।
अनुभव सिन्हा के अनुसार पार्टी के दौरान मनोज बाजपेयी और तिग्मांशु धूलिया के बीच किसी बात को लेकर विवाद0 शुरू हो गया था। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। उस समय अनुभव सिन्हा अपनी पत्नी के साथ कार में बैठकर वहां से निकल रहे थे।
अनुभव सिन्हा ने बताया कि जब उन्होंने कार की विंडो से बाहर देखा तो सड़क पर दोनों के बीच विवाद जारी था। उनके अनुसार मनोज बाजपेयी नशे की हालत में थे और तिग्मांशु धूलिया उन्हें लगातार कुछ कह रहे थे। इसी दौरान मनोज ने सड़क से एक ईंट उठा ली और तिग्मांशु के पीछे दौड़ पड़े। यह नजारा देखकर अनुभव सिन्हा भी हैरान रह गए।
अनुभव सिन्हा ने बताया कि आखिरी बार जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो तिग्मांशु धूलिया भाग रहे थे और एक्टर मनोज बाजपेयी हाथ में ईंट लेकर उनके पीछे दौड़ रहे थे। आज ये तीनों कलाकार बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं, लेकिन संघर्ष के दिनों का यह किस्सा उनकी पुरानी दोस्ती और उन दिनों की बेफिक्र जिंदगी की याद दिलाता है।