StartFragment
Lucky Ali Javed Akhtar controversy: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर लकी अली (Lucky Ali) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट जारी कर माफी मांगी है, जिससे उनके सुर बदले हुए लग रहे हैं। ठीक एक दिन पहले उन्होंने गीतकार और लेखक जावेद अख्तर (Javed Akhtar) पर जमकर निशाना साधा था।
लकी अली ने उन्हें 'बहुत ही खराब इंसान' बताया था। उनका यह तंज जावेद अख्तर के एक पुराने वीडियो को लेकर था, जिसमें जावेद अख्तर हिंदू समुदाय को 'मुसलमानों जैसा न बनने' की हिदायत दे रहे थे।
लकी अली ने अब अपने पहले के विवादास्पद बयान से पलटते हुए एक नया पोस्ट किया है, जो वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है, "मेरा मतलब था कि अहंकार बदसूरत होता है... यह मेरी तरफ से एक गलत संदेश था... राक्षसो की भी भावनाएं हो सकती हैं और अगर मैंने किसी की दुष्टता को ठेस पहुँचाई हो तो मैं माफी मांगता हूँ...।"
यह विवाद तब शुरू हुआ जब जावेद अख्तर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से सामने आया। इस वीडियो में वह देश के हिंदू समुदाय से अपील करते दिख रहे हैं कि उन्हें मुस्लिम समुदाय की तरह नहीं बनना चाहिए।
इस वीडियो में जावेद अख्तर ने 'शोले' फिल्म के एक सीन का जिक्र किया, जहाँ धर्मेंद्र शिवजी की मूर्ति के पीछे छिपकर बोलते हैं। जावेद ने कहा था कि आज के समय में ऐसा सीन नहीं लिखा जा सकता। उन्होंने कहा, "मुसलमानो की तरह मत बनो। उन्हें अपने जैसा बनाओ। तुम मुसलमानो की तरह बन रहे हो। यह एक त्रासदी है।"
जावेद अख्तर के इसी वीडियो को एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया था। इस पर सिंगर लकी अली ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था, "जावेद अख्तर जैसे मत बनो, वह कभी भी ऑरिजिनल नहीं थे, वह बहुत ही खराब इंसान हैं।" लकी अली के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छिड़ गई थी, जहाँ कई लोग उनकी आलोचना कर रहे थे। अब उन्होंने अपनी टिप्पणी पर माफी मांगी है।
EndFragment