Highlights
'कॉफी विद करण 9' के नए एपिसोड में अक्षय कुमार और रवि किशन साथ नजर आएंगे।
करण जौहर ने बताया कि दोनों को शो में साथ लाने का आइडिया अक्षय कुमार का था।
रवि किशन शो में अक्षय को अपना वायरल हुक स्टेप सिखाते दिखाई देंगे।
Koffee With Karan 9 Akshay Kumar Ravi Kishan: करण जौहर का चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' एक बार फिर अपने नए एपिसोड को लेकर सुर्खियों में है। शो के नौवें सीजन में इस बार बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता रवि किशन एक साथ नजर आने वाले हैं। दोनों की जोड़ी करण जौहर के मशहूर काउच पर मस्ती और मनोरंजन का तड़का लगाने के लिए तैयार है। हाल ही में शो का नया प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें अक्षय और रवि किशन की शानदार बॉन्डिंग देखने को मिल रही है।
प्रोमो में दोनों के बीच हंसी-मजाक के साथ कई दिलचस्प पल भी नजर आते हैं। प्रोमो की शुरुआत में करण जौहर दोनों मेहमानों का स्वागत करते हैं। इस दौरान वह खुलासा करते हैं कि अक्षय कुमार ने ही रवि किशन के साथ शो में आने का आइडिया दिया था। पहली नजर में दोनों की जोड़ी भले ही थोड़ी अलग लगे, लेकिन दोनों कलाकार पहले भी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में उनके बीच अच्छी दोस्ती और तालमेल देखने को मिलता है।
प्रोमो में सबसे मजेदार पल तब आता है, जब रवि किशन अक्षय कुमार को अपना वायरल हुक स्टेप सिखाते हैं। दोनों कलाकार इस दौरान जमकर मस्ती करते हैं और करण जौहर का काउच डांस फ्लोर में बदल जाता है। रवि किशन अपने खास अंदाज में खुद को 'बिहार का ब्रैड पिट' भी बताते हैं। इसके अलावा अभिनेता अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि सफलता तक पहुंचने के लिए उन्होंने काफी मुश्किलों का सामना किया। उन्होंने अपने सफर को रेंगकर आगे बढ़ने जैसा बताया। रवि किशन की यह बात उनके संघर्ष और मेहनत की कहानी को बयां करती है।
शो का रैपिड फायर राउंड भी काफी दिलचस्प होने वाला है। प्रोमो में करण जौहर अक्षय कुमार से एक सवाल पूछते नजर आते हैं, जिसका खिलाड़ी कुमार अपने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं। उनका जवाब सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं। हालांकि, इस सवाल और जवाब की पूरी जानकारी एपिसोड देखने के बाद ही सामने आएगी।
'कॉफी विद करण 9' का यह नया एपिसोड बुधवार शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार के द पीकॉक हब पर स्ट्रीम होगा। अक्षय कुमार और रवि किशन की मस्ती, उनके पुराने किस्से और करण जौहर के सवालों को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।