Jasmin Sandlas Love Songs: फिल्म धुरंधर में शरारत और जाइए सजना गाकर सक्सेसफुल होने वाली पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस एक बार फिर से सुर्खियों में है। हाल ही में जैस्मिन ने अपनी दिल की बात अपने फैंस के साथ शेयर की है।
जैस्मिन सैंडलस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी दिली ख्वाहिश अपने फैंस के साथ साझा की है। सलमान खान की फिल्म किक में मैंनू यार ना मिले गाना गाने के बाद से लाइमलाइट में रही जैस्मिन सैंडलस आज एंटरटेनमेंट जगत का बड़ा नाम है।
इस बीच उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि वह प्यार के एहसासों पर कई गाने बनाना चाहती हैं। उनकी ख्वाहिश है कि लोग उन्हें इसी वजह से याद रखें। दरअसल, जैस्मिन ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की, जिसमें वह वाइट कलर की ड्रेस में नजर आ रही हैं। वह कैमरे के सामने अलग-अलग पोज देती दिखाई दे रही हैं।
इस तस्वीरों को शेयर करते हुए जैस्मिन सैंडलस ने लिखा कि मैं प्यार पर 100 गाने गाना चाहती हूं और अगर 100 साल बाद भी कोई मुझे याद रखता है तो मैं चाहती हूं कि मुझे उस लड़की के तौर पर याद किया जाए, जिसने प्यार के बारे में गाया। इससे पहले जैस्मिन ने अपने चल रहे द ड्रीम गर्ल टूर से जुड़ा एक खास पल भी शेयर किया। उन्होंने बेंगलुरु में हुए अपने कॉन्सर्ट का एक वीडियो पोस्ट किया और इसे अपने टूर के सबसे पसंदीदा पलों में से एक बताया।
जैस्मिन ने अपने पोस्ट में लिखा था कि यह पल शानदार था। यह द ड्रीम गर्ल टूर के मेरे सबसे पसंदीदा पलों में से एक है। यह कॉन्सर्ट बेंगलुरु में हुआ था। मुझे प्रोफेशनल रिकॉर्डिंग के बजाय फैंस की तरफ से बनाए गए वीडियो ज्यादा पसंद हैं। ऑडियंस के बीच से बनाए गए इन वीडियो में मुझे लोगों को साथ गाते हुए सुनने और उनकी भावनाओं को महसूस करने का मौका मिलता है। जैस्मिन अपनी अलग आवाज और पंजाबी के साथ-साथ बॉलीवुड म्यूजिक में अपने हिट गानों के लिए जानी जाती हैं। किक का यार ना मिले, गैरी संधू के साथ इल्लीगल वेपन और इल्लीगल वेपन 2.0, पट लै गया और धुरंधर: द रिवेंज का जाइए सजना जैसे गाने उनके हिट लिस्ट में शामिल हैं।