Hanuman Ansh Effect Religious Movies 2027: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में समय-समय पर ट्रेंड बदलते रहते हैं। कभी एक्शन फिल्मों का दौर आता है, तो कभी दर्शक रोमांटिक कहानियों को सिर-आंखों पर बिठाते हैं। पिछले कुछ सालों से सीक्वल और स्पाई यूनिवर्स का बोलबाला था, लेकिन अब बॉक्स ऑफिस में एक नया और अनोखा बदलाव देखने को मिल रहा है।
छोटे बजट की भक्ति फिल्म 'हनुमान अंश' की रिकॉर्ड तोड़ सक्सेस ने इस नए ट्रेंड की नींव रख दी है। दर्शक अब बड़े पर्दे पर पौराणिक और आध्यात्मिक कहानियों को देखने में गहरी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस बदलाव को देखते हुए कई फिल्म मेकर्स ने भक्ति और पौराणिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों की लाइनअप तैयार कर ली है।
महज 3 करोड़ रुपये से कम बजट में बनी 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर जो रिकॉर्ड बनाया है, उसकी उम्मीद शायद ही किसी को थी। शुरुआती दिनों में इस फिल्म को बहुत कम स्क्रीन्स मिली थीं और हफ्तों तक इस पर किसी का ध्यान नहीं गया था।
फिल्म ने अपने तीसरे हफ्ते में ही 10.5 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की और इसका कुल कलेक्शन 18.38 करोड़ रुपये तक हो गया। इस आंकड़े ने निर्माता को 500 प्रतिशत से भी ज्यादा का मुनाफा दिया।
इस नए दौर की कड़ी में सबसे बड़ा ऐलान फिल्म 'तेरा साईं' की हुई है। आध्यात्मिक गुरु साईं बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित इस फिल्म में मंझे हुए एक्टर संजय मिश्रा मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म के डायरेक्टर पलाश मुच्छल और निर्माता शैलेश एस. संघवी ने शिरडी जाकर साईं बाबा का आशीर्वाद लिया और इस प्रोजेक्ट का आधिकारिक ऐलान किया।
इस फिल्म में संजय मिश्रा के अलावा सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओंकार दास मानिकपुरी, अविका गोर और रोहन मेहरा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह मल्टीलिंगुअल फिल्म 5 फरवरी, 2027 को हिंदी, मराठी, तेलुगू और तमिल भाषाओं में देशभर के थियेटर्स में रिलीज की जाएगी।
भक्ति फिल्मों का यह सिलसिला केवल साईं बाबा तक सीमित नहीं है। अब 'हारे का सहारा, बाबा खाटू श्याम हमारा' टाइटल से एक भक्तिमय फिल्म की घोषणा भी हो चुकी है। यह फिल्म श्री खाटू श्याम जी की पवित्र कथा, त्याग और अटूट आस्था के संदेश को दर्शाएगी और साल 2027 में बड़े पर्दे पर आएगी।
इसके साथ ही प्रोड्यूसर करण जौहर भी राधा और कृष्ण की अमर प्रेम कहानी पर आधारित एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। पौराणिक फिल्मों की बात करें तो 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' और रणबीर कपूर अभिनीत 'रामायणम' जैसी बड़ी बजट की फिल्में भी लिस्ट में हैं।