Haiwaan Box Office Collection 1PM: अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'हैवान' आज यानी 11 सितंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुकी है। 18 साल बाद पर्दे पर लौटी इस जोड़ी को लेकर दर्शकों में काफी क्रेज देखा जा रहा था। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के पहले दिन शुरुआती घंटों में फिल्म की रफ्तार थोड़ी सुस्त नजर आ रही है।
शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने पहले दिन दोपहर 1 बजे तक केवल 69 लाख रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया है। वर्किंग डे होने के कारण सुबह और दोपहर के शो में सिनेमाघरों के अंदर दर्शकों की ऑक्यूपेंसी कम दर्ज की गई है। माना जा रहा है कि शाम और नाइट शो में दर्शकों की संख्या बढ़ने से कलेक्शन में उछाल देखने को मिल सकता है।
फिल्म 'हैवान' को बॉक्स ऑफिस पर पहले से चल रही फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है। 140 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी 'मिर्जापुर द मूवी' और 200 करोड़ के पास पहुंच रही 'हनुमान अंश' थिएटर्स में मजबूती से टिकी हुई हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड पर माउथ पब्लिसिटी और पॉजिटिव रिव्यूज के दम पर 'हैवान' कितना बड़ा कलेक्शन कर पाती है।
फिल्म हैवान का कुल निचोड़ निकालते हुए एक्स के यूजर ने इसे एक बेहतरीन क्राइम थ्रिलर बताया है। उनका मानना है कि थ्रिलर और सस्पेंस फिल्में पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह एक परफेक्ट वॉच है। उन्होंने इस वीकेंड पर सभी को अपनी फैंमिली के साथ जाकर बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म देखने की खास सलाह दी है।