Highlights
धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर बेटी ईशा देओल ने उन्हें याद कर भावुक हो गईं।
ईशा ने कहा कि पिता के जाने के बाद उनकी जिंदगी में एक खालीपन आ गया है।
ईशा ने बताया कि आज भी उन्हें अपने पिता की मौजूदगी का एहसास होता है।
Esha Deol Emotional On Dharmendra Death Anniversary: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को इस दुनिया से गए एक साल हो गया है। 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली थी। उनकी पहली पुण्यतिथि पर परिवार के सदस्य और फैंस उन्हें याद कर रहे हैं। इस बीच उनकी बेटी और अभिनेत्री ईशा देओल भी पिता को याद कर भावुक हो गईं।
ईशा देओल ने बताया कि धर्मेंद्र के जाने के बाद उनकी जिंदगी में एक ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। ईशा के लिए उनके पिता सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि जिंदगी के सबसे बड़े मार्गदर्शक और सपोर्ट सिस्टम थे। उन्होंने यह भी बताया कि आज भी उन्हें अपने पिता की मौजूदगी का एहसास होता है।
ईशा देओल ने कहा कि जब भी मैं कोई प्रोजेक्ट साइन करती थी या फिल्मों को लेकर हमारी चर्चा होती थी, तो मैं हमेशा अपने माता-पिता को बताती थी कि मैं क्या कर रही हूं और आगे क्या करने वाली हूं। वे हमेशा मेरा बहुत साथ देते थे। उनके बिना जिंदगी में खालीपन है, लेकिन मुझे आज भी अपने पिता की मौजूदगी का एहसास होता है।
धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को मुंबई स्थित उनके घर पर हुआ था। वह 89 साल के थे। सांस लेने में परेशानी के चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला। इस दौरान उनकी सेहत को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही थीं। 11 नवंबर को सोशल मीडिया पर उनके निधन की झूठी खबरें भी फैल गई थीं। तब हेमा मालिनी और ईशा देओल ने सामने आकर इन खबरों का खंडन किया था और बताया था कि धर्मेंद्र का इलाज चल रहा है। बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और परिवार ने घर पर ही आगे का इलाज जारी रखने का फैसला किया था।
धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों के साथ फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और संजय दत्त समेत कई सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। आज भले ही वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में, यादगार किरदार और परिवार के साथ उनकी अनगिनत यादें हमेशा जीवित रहेंगी।