Ajay Devgn Film Drishyam 3 Advance Booking: अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ यानी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म की एडवांस बुकिंग भी तेजी से आगे बढ़ रही है। रिलीज से दो दिन पहले तक फिल्म ने प्री-सेल में करोड़ों रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग के आंकड़े फिल्म के लिए दर्शकों की दिलचस्पी को दिखा रहे हैं। बुधवार शाम 4 बजे तक फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 14.22 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। इस दौरान करीब 3.77 लाख टिकट बिक चुके थे और फिल्म को 9,454 शोज मिले। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को करीब 17 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली है, जबकि 5 शोज पूरी तरह सोल्ड आउट हो चुके हैं।
फिल्म के पहले दिन यानी 2 अक्टूबर के लिए मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 7,505 शोज के लिए 2.31 लाख टिकटों की बिक्री हो चुकी थी। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर प्री-सेल कलेक्शन 9.28 करोड़ रुपये और बिना ब्लॉक सीटों के 7.12 करोड़ रुपये बताया गया। वहीं 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिनों की एडवांस बुकिंग में फिल्म ने अब तक करीब 4.57 लाख टिकट बेचकर 17.66 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इनमें बिना ब्लॉक सीटों के कलेक्शन 11.43 करोड़ रुपये बताया गया है।
एडवांस बुकिंग की रफ्तार ने दृश्यम 3 की ओपनिंग को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। ट्रेड एनालिस्ट्स के अनुमान के मुताबिक, अगर बुकिंग का यह ट्रेंड रिलीज वाले दिन भी मजबूत रहा और स्पॉट बुकिंग के साथ दर्शकों की अच्छी मौजूदगी रही, तो फिल्म 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेट ओपनिंग कर सकती है। कुछ अनुमानों में 50 करोड़ रुपये की नेट ओपनिंग की संभावना भी जताई जा रही है।
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और रजत कपूर भी अपनी पिछली भूमिकाएं दोहराते दिखेंगे। फिल्म में प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की नई एंट्री हुई है। कुमार मंगत, संजीव जोशी और आलोक जैन इसके निर्माता हैं। फिल्म को फ्रैंचाइजी का अंतिम अध्याय माना जा रहा है।