Haryanvi Actress Divyanka Sirohi Passes Away: हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का महज 30 साल की उम्र में निधन हो गया है। दिव्यांका सिरोही के अचानक इस दुनिया से चले जाने से परिवार, करीबी और फैंस गहरे सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर हर कोई उन्हें याद कर भावुक हो रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिव्यांका सिरोही की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। घटना गाजियाबाद के राज एक्सटेंशन स्थित उनके घर की है, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिवार के लोग तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर ने हर किसी को चौंका दिया, क्योंकि इतनी कम उम्र में इस तरह का जाना किसी के लिए भी विश्वास करना आसान नहीं है।
उनके निधन के बाद दिव्यांका सिरोही का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। यह पोस्ट उन्होंने साल 2023 में शेयर किया था और उसे अपने प्रोफाइल पर पिन भी कर रखा था। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था शिव मुझे अपने साथ ले चलो। अब उनके निधन के बाद इस पोस्ट को लोग उनके आखिरी संदेश के रूप में देख रहे हैं। फैंस इस पोस्ट को देखकर काफी भावुक हो गए हैं और कमेंट सेक्शन में श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
परिवार के अनुसार, 21 अप्रैल को दिव्यांका सिरोही बिल्कुल सामान्य थीं। उन्होंने अपने भाई के साथ खाना भी खाया था और किसी गंभीर परेशानी के संकेत नहीं दिए थे। हालांकि, उन्होंने हल्की तबीयत खराब होने की बात जरूर कही थी। इसके बाद उनका भाई कुछ काम से बाहर चला गया। जब वह वापस लौटा तो उन्होंने एक्ट्रेस को अचेत अवस्था में पाया।
दिव्यांका सिरोही के निधन के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर है। उनके चाहने वाले उनकी तस्वीरें और वीडियो शेयर कर उन्हें याद कर रहे हैं। कम उम्र में इस तरह की दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है और परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत रखने की अपील की है।