Highlights
दिलजीत दोसांझ 15 नवंबर को इंदौर में 'ऑरा इंडिया टूर' का दूसरा कॉन्सर्ट करेंगे।
सिंगर 34 घंटे का सफर तय कर 14 नवंबर को इंदौर पहुंचे।
उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'जय श्री महाकाल' लिखकर फैंस को जानकारी दी।
Diljit Dosanjh Aura India Tour: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर' को लेकर चर्चा में हैं। दिल्ली में शानदार शुरुआत के बाद अब उनके टूर का दूसरा कॉन्सर्ट इंदौर में होने जा रहा है। 15 नवंबर 2026 को बायपास स्थित डिलाइट दस्तूर ग्राउंड में होने वाले इस शो का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच दिलजीत 14 नवंबर को इंदौर पहुंच गए हैं।
दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए 'जय श्री महाकाल' का जयकारा भी लगाया। वहीं, कॉन्सर्ट को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दिलजीत दोसांझ ने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, '34 घंटे का सफर और हम इंदौर पहुंच गए हैं। कल मिलते हैं शाम को। जय श्री महाकाल।' सिंगर के इस पोस्ट के सामने आते ही उनके फैंस में उत्साह बढ़ गया है। अब सभी को रविवार शाम होने वाले कॉन्सर्ट का इंतजार है।
दिलजीत दोसांझ ने अपनी एक और इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की, जिसमें वह फ्लाइट में बैठे नजर आ रहे हैं। उनके साथ मौजूद एक शख्स 'जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा' गाना गा रहा है। गाने की इन पंक्तियों के बाद दिलजीत कहते हैं कि आ गए इंदौर। क्या लगता था नहीं आएंगे? लौट आए। उनका यह अंदाज ऐसे समय में सामने आया है, जब कॉन्सर्ट को लेकर कथित धमकियों की खबरें चर्चा में हैं। ऐसे में सिंगर का इंदौर पहुंचना उनके फैंस के लिए राहत की खबर है।
दिलजीत दोसांझ के शो को देखते हुए इंदौर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित धमकियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन आयोजन स्थल और वहां की तैयारियों पर खास नजर रख रहा है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, इसलिए सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
हालांकि, दिलजीत के इंदौर पहुंचने के बावजूद कॉन्सर्ट की अंतिम अनुमति को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फाइनल परमिशन इस बात पर निर्भर करेगी कि डिलाइट दस्तूर ग्राउंड सभी निर्धारित सुरक्षा शर्तों और जरूरी मानकों को पूरा करता है या नहीं। पुलिस प्रशासन आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है। फिलहाल फैंस को उम्मीद है कि रविवार को दिलजीत दोसांझ अपने गानों से इंदौर में समां बांधेंगे।