Cocktail 2 Advance Booking Day 1: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर कॉकटेल 2 को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के गाने पहले ही सोशल मीडिया और म्यूजिक चार्ट्स पर धूम मचा चुके हैं, जिसका सीधा असर इसकी एडवांस बुकिंग पर भी दिखाई दे रहा है। रिलीज से पहले ही फिल्म ने टिकट बिक्री के मामले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत के संकेत दे दिए हैं।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज के पहले दिन के लिए अब तक 69 हजार से अधिक टिकटों की बिक्री कर ली है। शुरुआती दिनों में एडवांस बुकिंग की रफ्तार थोड़ी धीमी रही थी, लेकिन जैसे-जैसे रिलीज डेट नजदीक आई, दर्शकों का उत्साह तेजी से बढ़ता गया। फिल्म ने 2डी फॉर्मेट में ही शानदार प्री-सेल दर्ज की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लॉक सीटों को छोड़कर फिल्म ने एडवांस बुकिंग से लगभग 2.41 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा करीब 4.58 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ‘कॉकटेल 2’ ने एडवांस बुकिंग के दम पर साल 2026 की सबसे बड़ी प्री-सेल फिल्मों की सूची में अपनी जगह बना ली है।
4.58 करोड़ रुपये के प्री-सेल कलेक्शन के साथ कॉकटेल 2 तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इसने कई चर्चित फिल्मों के एडवांस बुकिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने ‘भूत बंगला’, ‘ओ’ रोमियो’ और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ जैसी फिल्मों के प्री-सेल आंकड़ों को पार कर लिया है। फिलहाल इस सूची में ‘धुरंधर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ शीर्ष दो स्थानों पर बनी हुई हैं। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले को आधुनिक रिश्तों, दोस्ती और रोमांस के रंगों से सजाया गया है।
फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। तीनों सितारों की केमिस्ट्री और फिल्म के म्यूजिक को लेकर पहले से ही काफी चर्चा हो रही है। ‘कॉकटेल 2’ 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले मिले शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म ओपनिंग डे पर भी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।