Bigg Boss 20 Latest Episode Updates: 'बिग बॉस 20' के घर में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती के साथ-साथ विवाद भी देखने को मिल रहे हैं। लेटेस्ट एपिसोड में भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे और लव गिल के बीच 'टुनटुन' शब्द को लेकर बहस हो गई। लव ने आम्रपाली को यह नाम प्यार से कहा था, लेकिन एक्ट्रेस को उनकी बात बॉडी शेमिंग जैसी लगी।
एपिसोड में लव गिल ने आम्रपाली दुबे को ‘टुनटुन’ कहकर बुलाया। लव के मुताबिक उनके कहने का इरादा गलत नहीं था, लेकिन आम्रपाली को यह बात पसंद नहीं आई। बाद में उन्होंने लव के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि उन्हें उनसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। आम्रपाली ने समझाने की कोशिश की कि किसी के शरीर या लुक से जुड़े नाम का इस्तेमाल मजाक में भी किया जाए तो सामने वाले को बुरा लग सकता है।
आम्रपाली की बात सुनने के बाद लव गिल ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आम्रपाली उन्हें ताना न दें और उन्हें अपना करीबी न समझें। लव के इस जवाब से आम्रपाली काफी दुखी नजर आईं। इसके बाद लव ने आसिफ और घर के अन्य सदस्यों से बातचीत करते हुए कहा कि आम्रपाली ने उनकी बात का गलत मतलब निकाल लिया, जबकि उनका मकसद उन्हें दुख पहुंचाना नहीं था।
लव की यह बातचीत आम्रपाली ने सुन ली। इसके बाद दोनों के बीच फिर बात हुई। आम्रपाली ने कहा कि उन्हें 'टुनटुन' शब्द बॉडी शेमिंग जैसा लगा और वह चाहती थीं कि लव कम से कम यह समझें कि उनकी बात का उन पर क्या असर हुआ। वहीं, लव ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि किसी व्यक्ति के लिए 'टुनटुन' शब्द का क्या मतलब निकाला जा सकता है। इस पर आम्रपाली दुबे ने कहा कि यह नाम किस संदर्भ में इस्तेमाल होता है, यह काफी स्पष्ट है।
'टुनटुन' मशहूर अभिनेत्री और प्लेबैक सिंगर उमा देवी खत्री का स्क्रीन नेम था। हिंदी सिनेमा में वह खासतौर पर अपने कॉमिक और कैरेक्टर रोल्स के लिए जानी जाती थीं। उनका स्क्रीन नेम 'टुनटुन' इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी यह नाम उनके साथ जुड़ा हुआ है। 'बिग बॉस 20' के घर में इसी नाम को लेकर हुई बातचीत ने आम्रपाली दुबे और लव गिल के रिश्ते में तनाव जरूर पैदा कर दिया है।